दुखदः अचानक पिकअप वाहन में दौड़ा करंट, जलाभिषेक को जा रहे दस कांवड़ियों की मौत! अफरा-तफरी के साथ इलाके में पसरा मातम
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल से एक दुखद खबर सामने आ रही हैं। यहां के कूच बिहार में पिकअप वाहन में करंट फैलने से 10 कांवड़ियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दर्जनभर से अधिक लोग बुरी तरह झुलस गए। घटना से जहां पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी है वहीं मातम भी पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि हादसा देर रात मेखलीगंज थाना क्षेत्र के धारला ब्रिज पर हुआ। 27 कांवड़िये पिकअप पर बैठकर जलपेश के शिव मंदिर में जल चढ़ाने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि पिकअप के पीछे ही डीजे बज रहा था। जनरेटर के वायर में शॉर्ट सर्किट होने से पिकअप में करंट पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि पिकअप में करंट आते ही ड्राइवर भाग निकला। वह करंट की चपेट में नहीं आया था। सीताकुची पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है। हादसा इतना दर्दनाक था कि एक झटके में 10 कांवड़ियों की मौत हो गई। वे एक-एक कर पिकअप से नीचे गिरे। जब तक लोग कुछ समझ पाते, हादसा हो चुका था। घायल कांवड़ियों की हालत ठीक बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक रविवार रात करीब 12 बजे हादसा हुआ। पिकअप जलपेश जा रहा था। हादसे में घायल हुए कांवड़ियों को पहले पास के चंगरबंधा अस्पताल ले जाया गया था, यहां से 16 की हालत गंभीर होने पर जलपाईगुड़ी के अस्पताल रेफर किया गया। सभी लोग सीतलकुची थाना एरिया के रहने वाले हैं। ASP ने बताया कि ड्राइवर को ढूंढ़ा जा रहा है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके। अभी सिर्फ अंदाजा ही लगाया जा रहा है।