• Home
  • News
  • Transport Department's special drive in Rudrapur! Challans issued to 27 vehicles and 15 vehicles seized; action taken for rule violations, including overloading.

रुद्रपुर में परिवहन विभाग का विशेष अभियान! 27 वाहनों के चालान और 15 वाहन सीज, ओवरलोडिंग समेत नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई

editor
  • Awaaz Desk
  • July 26, 2026 01:07 PM
Transport Department's special drive in Rudrapur! Challans issued to 27 vehicles and 15 vehicles seized; action taken for rule violations, including overloading.

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले में परिवहन विभाग के प्रवर्तन दल ने विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान विभागीय टीम ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुल 27 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताओं के चलते 15 वाहनों को सीज कर दिया गया। परिवहन विभाग के अनुसार, सीज किए गए वाहनों में 10 मालवाहक और 5 यात्री वाहन शामिल हैं। जांच के दौरान 10 मालवाहक वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक सामान यानी ओवरलोडिंग करते हुए पाए गए। वहीं, तीन यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठी हुई मिलीं। विभागीय टीम ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की। जांच अभियान के दौरान कई वाहन ऐसे भी मिले, जो बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना टैक्स जमा किए और बिना वैध परमिट के संचालित किए जा रहे थे। परिवहन विभाग ने इन मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों के चालान किए और आवश्यकतानुसार सीज किया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नवीन सिंह ने वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय वैध ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य है। साथ ही मालवाहक वाहन निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सामान का परिवहन करें और यात्री वाहन क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए इस तरह के विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
 


संबंधित आलेख: