दर्दनाक हादसाः हिमाचल के कुल्लू में बड़ा सड़क हादसा! अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरा वाहन, सात लोगों की मौके पर ही मौत
नई दिल्ली। हिमाचल के कुल्लू से एक दुखद खबर सामने आई है, यहां रविवार देर रात हुए हादसे में 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वाहन में ड्राइवर समेत 17 लोग सवार थे। जानकारी के अनुसार एक टेंपो ट्रैवलर गिलोरी पास से घियागी की तरफ जा रहा था। इस दौरान ड्राइवर का नियंत्रण खो गया और वाहन गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोगों जमा हो गए और जानकारी पुलिस-प्रशासन को दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने बचाव अभियान चलाया। पुलिस ने सातों शव बरामद कर लिए हैं। मरने वालों में 5 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। वहीं घायलों में से 5 को कुल्लू के जोनल अस्पताल में और 5 को बंजर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वाहन में सवार लोगों में 4 IIT BHU वाराणसी के छात्र भी बताए जा रहे हैं। IIT प्रशासन के अनुसार घायलों में कानपुर की रहने वाली निष्ठा बोदानी (30), राजस्थान जयपुर निवासी लक्ष्य सिंह (21) और हरियाणा फरीदाबाद निवासी ईशान गुप्ता (23) शामिल हैं। ये सभी IIT BHU में फोर्थ ईयर के छात्र हैं। लक्ष्य सिंह कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग का छात्र, जबकि निष्ठा और ईशान केमिकल इंजीनियरिंग के छात्र हैं। वहीं, IIT के प्रोफेसर और कर्मचारी भी घायल छात्रों के बारे में जानकारी लेने में जुटे रहे हैं। IIT प्रशासन ने बताया कि हादसे की सूचना देर से मिली, क्योंकि छात्रों के मोबाइल भी खड्डे में गिरने के दौरान कहीं गुम हो गई।