दर्दनाक हादसाः हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों को अनियंत्रित डंपर ने रौंदा! छह कांवड़ियों की मौत, एक ही हालत बेहद गंभीर
यूपी के हाथरस से एक दुखद खबर सामने आ रही है। यहां एक अनियंत्रित डंपर ने मध्यप्रदेश के सात कांवड़ियों को रौंद दिया, जिससे पांच की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि एक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना से इलाके में मातम पसरा है जबकि मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि ये सभी शिवभक्त उत्तराखण्ड के हरिद्वार से गंगाजल लेकर ग्वालियर को लौट रहे थे। मृतक कांवड़िये ग्वालियर के उटीला थाना इलाके के बांगीपुरा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं, हादसे में 1 घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी है।
घटना शुक्रवार देर रात सवा दो बजे की बताई जा रही है। मौके पर मौजूद एक कांवड़िये ने बताया कि हम एक ढाबे पर खाना खा रहे थे, तभी ड्राइवर ने डंपर चढ़ा दिया। हादसा हाथरस में कोतवाली सादाबाद बढ़ार चौराहे पर हुआ। आगरा जोन के ADG राजीव कृष्ण ने बताया कि घटना के बाद ड्राइवर डंपर लेकर भाग निकला। 42 लोगों का जत्था एकसाथ गंगाजल लेकर जा रहा था।
हादसे में जबर सिंह (28), रनवीर सिंह (30), मनोज पाल सिंह (30), रमेश पाल (30), नरेश पाल (45) और विकास की मौत हुई है। हाथरस DM रमेश रंजन ने सभी मृतक कांवड़ियों के परिजन को 1-1 लाख रुपए की मदद देने की घोषणा की है।