जम्मू कश्मीर के राजौरी एनकाउंटर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में दो जवान शहीद
जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए हैं। ये मुठभेड़ स्थानीय धर्मसाल के बाजीमल इलाके में हुई है। पुलिस ने कहा कि सुरक्षाबलों ने मौके पर दो आतंकियों को घेर लिया है। धर्मसाल के बाजीमाल इलाके में सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त घेराबंदी और तलाश अभियान के दौरान आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में एक अधिकारी और एक सैनिक की जान चली गई और एक अन्य सुरक्षाकर्मी घायल हो गया। घायल जवान को अस्पताल ले जाया गया है। इधर इलाके में मुठभेड़ जारी है। मुठभेड़ में कैप्टन को गोली लगने की जानकारी है। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में संदिग्ध गतिविधियों के बारे गोपनीय सूचना के बाद अभियान शुरू किया गया। इससे पहले शुक्रवार को राजौरी जिले में मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया था। जानकारी के मुताबिक जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में शुक्रवार को आतंकवादियों और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम के बीच मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। मुठभेड़ के बाद सुरक्षा अधिकारियों ने बताया था कि बुद्धल तहसील के गुलेर-बेहरोटे इलाके में सेना पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक संयुक्त टीम ने घेराबंदी और तलाशी अभियान (सीएएसओ) चलाया था और इसी दौरान सुबह मुठभेड़ हुई। सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में रात भर चली मुठभेड़ में पांच आतंकवादियों को मार गिराया था। पुलिस ने शुक्रवार बताया था कि गुरुवार को इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने कुलगाम के नेहामा गांव में घेराबंदी की और तलाश अभियान शुरू किया था। उन्होंने बताया कि पहले आतंकवादियों ने सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों की मौजूदगी वाले इलाके के चारों ओर कड़ी घेराबंदी कर रखी थी।