• Home
  • News
  • Two years of unrequited love and a horrific end following a 'no': Prime accused in the Sonam murder case—carrying a reward of ₹25,000—arrested.

दो साल का एकतरफा प्यार और 'ना' का खौफनाक अंत: सोनम हत्याकांड का 25 हजारी इनामी मुख्य आरोपी गिरफ्तार

editor
  • Tapas Vishwas
  • July 27, 2026 02:07 PM
Two years of unrequited love and a horrific end following a 'no': Prime accused in the Sonam murder case—carrying a reward of ₹25,000—arrested.

समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के पूसा प्रखंड अंतर्गत वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया गांव में दिनदहाड़े हुई इंटरमीडिएट की छात्रा सोनम कुमारी की नृशंस हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वारदात के पांचवें दिन पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी बब्लू साह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि एकतरफा प्रेम में मिली ना और शादी से इंकार करने के कारण उसने इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया था। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल व्याप्त हो गया था, जिस पर अब पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से विराम लगा है।

घटना बीते 20 जुलाई की है, जब कैजिया गांव निवासी उमेश ठाकुर की पुत्री और इंटरमीडिएट द्वितीय वर्ष की छात्रा सोनम कुमारी रोज की तरह अपने स्कूल जा रही थी। गांव के मलंग स्थान के पास पहले से घात लगाकर बैठे आरोपी बब्लू साह ने उसका रास्ता रोक लिया। शादी के प्रस्ताव को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और सिरफिरे आरोपी ने सोनम पर ताबड़तोड़ चार गोलियां चला दीं। सिर और छाती में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल सोनम ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरा इलाका सहम गया था। पुलिस की शुरुआती जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी बब्लू साह पिछले दो वर्षों से सोनम से एकतरफा प्यार करता था। दोनों के बीच फोन पर बातचीत भी होती थी। बब्लू उस पर लगातार शादी करने का दबाव बना रहा था, लेकिन सोनम और उसके परिजनों ने इस रिश्ते से साफ इंकार कर दिया था। घटना से ठीक एक दिन पहले भी आरोपी सोनम के घर पहुंचा था और परिजनों पर शादी का दबाव बनाया था। जब परिवार ने उसे डांटकर भगा दिया, तो उसने रंजिश में सोनम की हत्या की खौफनाक साजिश रच डाली और अगले ही दिन स्कूल जाते वक्त उसे मौत के घाट उतार दिया। सोनम की हत्या के बाद कैजिया गांव में जनाक्रोश फूट पड़ा था। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर वैनी थाने पर प्रदर्शन किया था। पोस्टमार्टम के बाद शव रखकर आरोपी के घर में तोड़फोड़ और आगजनी की कोशिश भी की गई थी, जिसके बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने फरार आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि इनाम घोषित होने के बाद मिली गुप्त मानवीय सूचना और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर विशेष टीम ने आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखते हुए उसे जल्द ही इनाम राशि दी जाएगी।


संबंधित आलेख: