• Home
  • News
  • Udham Singh Nagar: Jamia Hanafia Razaul Madrasa sealed in Bazpur; administrator questions the action.

ऊधम सिंह नगरः बाजपुर में जामिया हनफिया रज़ाउल मदरसा सील! कार्रवाई पर संचालक ने उठाए सवाल

editor
  • Awaaz Desk
  • September 02, 2026 11:09 AM
Udham Singh Nagar: Jamia Hanafia Razaul Madrasa sealed in Bazpur; administrator questions the action.

बाजपुर। ऊधम सिंह नगर के बाजपुर क्षेत्र में मदरसा जामिया हनफिया रज़ाउल उलूम को प्रशासन ने सील कर दिया है। राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मदरसे में पहुंचकर अधिकारियों की मौजूदगी में सीलिंग की कार्रवाई की। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हलचल मच गई है। वहीं, मदरसा संचालक इरशाद अली ने कार्रवाई के आधार और प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। मदरसा संचालक इरशाद अली का दावा है कि मदरसे के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी थी और इसके लिए निर्धारित शुल्क भी जमा किया गया था। उनका कहना है कि रजिस्ट्रेशन से संबंधित आवेदन, दस्तावेज और शुल्क जमा करने की रसीद उनके पास मौजूद है। संचालक के मुताबिक, जब प्रशासनिक टीम मदरसे को सील करने पहुंची तो उन्होंने अधिकारियों के सामने रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज और शुल्क जमा करने की रसीद भी प्रस्तुत की, लेकिन इसके बावजूद सीलिंग की कार्रवाई रोकने के बजाय पूरी कर दी गई। मदरसा संचालक के अनुसार, मदरसों के रजिस्ट्रेशन को लेकर कुछ समय पहले रुद्रपुर में एक बैठक आयोजित की गई थी। उनका दावा है कि इस बैठक में प्राधिकरण के अध्यक्ष सुरजीत सिंह बरनाला और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद थे। संचालक के मुताबिक, बैठक में मदरसों को रजिस्ट्रेशन कराने के लिए 30 सितंबर तक का समय दिए जाने की जानकारी दी गई थी। इसी जानकारी के आधार पर उन्होंने अपने मदरसे के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू करने का दावा किया है। निर्धारित शुल्क जमा करने के साथ आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत किए जाने की बात कही गई है। संचालक इरशाद अली का कहना है कि प्रशासनिक टीम के सामने उन्होंने रजिस्ट्रेशन से संबंधित दस्तावेज और शुल्क जमा करने की रसीद रखी थी। उनका आरोप है कि दस्तावेज दिखाए जाने के बावजूद अधिकारियों ने उन्हें स्वीकार नहीं किया और मदरसे को सील करने की कार्रवाई पूरी कर दी। प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब संचालक यह जानना चाहते हैं कि आखिर मदरसे को किस आधार पर सील किया गया। उनका कहना है कि यदि रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर चल रही थी, तो सीलिंग की कार्रवाई का आधार स्पष्ट किया जाना चाहिए। फिलहाल मदरसा प्रशासनिक कार्रवाई के बाद सील है। 


संबंधित आलेख: