• Home
  • News
  • Udham Singh Nagar Police launches major initiative: Fuel Discipline Policy implemented! Every Saturday will be "No Vehicle Day," promoting fuel efficiency and environmental protection.

ऊधम सिंह नगर पुलिस की बड़ी पहलः फ्यूल अनुशासन पॉलिसी लागू! हर शनिवार रहेगा ‘नो व्हीकल डे’, ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा

editor
  • Awaaz Desk
  • May 14, 2026 01:05 PM
Udham Singh Nagar Police launches major initiative: Fuel Discipline Policy implemented! Every Saturday will be "No Vehicle Day," promoting fuel efficiency and environmental protection.

रुद्रपुर। देशहित और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने एक अनूठी पहल शुरू की है। एसएसपी अजय गणपति ने जनपद के सभी पुलिस कार्यालयों और इकाइयों में तत्काल प्रभाव से ‘फ्यूल अनुशासन पॉलिसी’ लागू कर दी है। इस नीति के तहत प्रत्येक शनिवार को जनपद के पुलिस कार्यालयों में ‘नो व्हीकल डे’ मनाया जाएगा, जिसके अंतर्गत अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय आने-जाने के लिए निजी या सरकारी वाहनों का उपयोग नहीं करेंगे। यह पहल प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा समय-समय पर की गई ईंधन बचत की सार्वजनिक अपीलों को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है। इसका उद्देश्य ईंधन संरक्षण, सरकारी संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। नई नीति के अनुसार पुलिस कार्यालयों और अन्य पुलिस इकाइयों में कार्यरत सभी अधिकारी-कर्मचारी सप्ताह में एक दिन यानी शनिवार को वाहन का उपयोग पूरी तरह बंद रखेंगे। इस दिन उन्हें कार्यालय पहुंचने के लिए पैदल, साइकिल, सार्वजनिक परिवहन या अन्य वैकल्पिक साधनों का उपयोग करना होगा। इसके अलावा जनपद के थाना स्तर पर आयोजित अपराध समीक्षा बैठकें, गोष्ठियां, ओआर और अन्य प्रशासनिक बैठकों को यथासंभव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे अनावश्यक वाहन संचालन और ईंधन की खपत में कमी आएगी। एसएसपी ने दिन और रात्रि गश्त के दौरान पैदल गश्त को प्राथमिकता देने के भी स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। चीता मोबाइल और अन्य वाहनों से गश्त के दौरान वाहन को एक निश्चित स्थान पर रोककर आसपास 100 से 200 मीटर की परिधि में पैदल गश्त करने और फिर अगले स्थान पर बढ़ने को कहा गया है। साथ ही अनावश्यक रूप से वाहनों के प्रयोग पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

नीति के तहत कार पूलिंग और सार्वजनिक परिवहन को भी बढ़ावा दिया जाएगा। वीआईपी ड्यूटी, परेड और अन्य कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान अधिकारी-कर्मचारियों को कार पूलिंग अपनाने के लिए कहा गया है। अत्यावश्यक परिस्थितियों को छोड़कर बस, टैक्सी, लोकल ट्रेन और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकारी वाहनों के ईंधन कोटे पर भी अब सख्त नियंत्रण रहेगा। थाना और डायल 112 वाहनों का संचालन केवल आवश्यकता पड़ने पर ही किया जाएगा। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे मासिक ईंधन कोटे की निगरानी करें और अनावश्यक खर्च को रोकें। ऊधम सिंह नगर पुलिस अब अपने अधीनस्थ कर्मियों को ईंधन संरक्षण के प्रति जागरूक भी करेगी। उन्हें अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन और वैकल्पिक साधनों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा। हालांकि यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस नीति से किसी भी तरह की अनिवार्य पुलिस सेवा प्रभावित नहीं होगी और जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी। इस पहल पर एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि पुलिस एक अत्यावश्यक सेवा है और जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ-साथ संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। ईंधन बचत केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं बल्कि राष्ट्रहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। ऊधम सिंह नगर पुलिस जनसेवा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


संबंधित आलेख: