ऊधम सिंह नगर: बाजपुर के ओम ज्वैलर्स में 34 लाख की चोरी का खुलासा! तीन शातिर चोर गिरफ्तार, शत-प्रतिशत माल बरामद
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के बाजपुर में ज्वैलर्स की दुकान में हुई करीब 34 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर शत प्रतिशत सामान बरामद किया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन पर गठित पुलिस टीम ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने, मैनुअल सर्विलांस और लगातार सुरागरसी के बाद तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 8 जुलाई की रात चोरों ने बाजपुर में ओम ज्वैलर्स का शटर और ताला तोड़कर करीब दो लाख रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, सीसीटीवी का एनवीआर और टीवी चोरी कर लिया था। मामले में कोतवाली बाजपुर में मुकदमा दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया गया। लगातार जांच के दौरान पुलिस ने किशनपुर मौलागढ़ बॉर्डर से तीनों आरोपियों को घटना में प्रयुक्त ऑटो के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 82.74 ग्राम सोने के आभूषण, 10 किलो 666 ग्राम चांदी के आभूषण, 39,500 रुपये नकद और चोरी की वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो बरामद किया है। बरामद माल की कुल कीमत लगभग 34 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजम, इस्लाम और करमरूद्दीन के रूप में हुई है। इनमें मुख्य आरोपी आजम पर चोरी और गैंगस्टर एक्ट सहित कई पुराने मुकदमे भी दर्ज हैं। एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए 5 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जनपद में चोरी, लूट और संगठित अपराध करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।