उमेश पाल हत्याकाण्डः अतीक अहमद की पत्नी पर 25 हजार का इनाम घोषित! एक दिन पहले सामने आया था सीसीटीवी फुटेज, अतीक को प्रयागराज ला सकती है पुलिस
प्रयागराज। उमेश पाल हत्याकाण्ड के आरोपी अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया है। बता दें कि एक दिन पहले 11 मार्च को शाइस्ता का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया था। इसमें वह ढाई लाख के इनामी शूटर साबिर के साथ दिख रही है। साबिर वही शख्स है जिसने कार में बैठे उमेश पाल के गनर को गोली मारी थी। इधर, अतीक अहमद को अहमदाबाद के साबरमती जेल से पूछताछ के लिए प्रयागराज लाया जा सकता है। पुलिस का मानना है कि अतीक ने हत्याकांड की पूरी रूपरेखा साबरमती जेल में ही बनाई थी। पुलिस कोर्ट में रिमांड अर्जी लगाने के लिए दस्तावेज तैयार कर रही है। माना जा रहा कि अगले सप्ताह अतीक को प्रयागराज लाया जा सकता है। उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता परवीन, गुड्डू मुस्लिम और गुलाम को नामजद किया था। इस मुकदमे में बाद में अतीक के बेटे असद को भी पुलिस ने आरोपी बनाया है। असद, गुड्डू मुस्लिम, अरमान, साबिर और गुलाम पर पहले ही ढाई-ढाई लाख रुपए का इनाम घोषित है। बता दें कि उमेश पाल हत्याकांड के 18 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक वारदात को अंजाम देने वाले 5 शूटरों तक पुलिस पहुंच नहीं पाई है। इसके लिए SOG, STF और यूपी पुलिस की 22 टीमें लगाई गई हैं, लेकिन हत्याकांड को लीड करने वाले अतीक अहमद का बेटा असद, मुस्लिम गुड्डू, गुलाम, अरमान और साबिर का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।