पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मिलने पहुंचे केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया! जाना उनका हाल
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं उनका हाल जानने के लिए केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया एम्स पहुंचे और डॉ. सिंह का हालचाल जाना। उन्होंने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उधर एम्स कार्डियो टावर में डॉ. नितीश नायक के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम पूर्व प्रधानमंत्री का इलाज कर रही है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही उन्हें बुखार आया था जिसके बाद डॉक्टरों के सलाह के बाद उन्हें एडमिट कराया गया। एम्स के अधिकारियों ने कहा, '89 वर्षीय कांग्रेस नेता को बुखार की जांच के लिए दिल्ली एम्स में भर्ती किया गया था, उनकी हालत स्थिर है।' कांग्रेस पार्टी के एक सूत्र ने बताया कि दो दिन पहले उन्हें बुखार आया था। बुखार उतरने के बाद वह कमजोरी महसूस कर रहे थे। ऐसे में डॉक्टरों की सलाह पर पूर्व पीएम को एम्स में भर्ती कराया गया है। वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं और चिंता की कोई बात नहीं है। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के एम्स में भर्ती होने के बाद कांग्रेस के कई नेताओं ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया, 'पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।' वहीं, मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ ने लिखा, 'पूर्व प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह जी के अस्वस्थ होने की जानकारी मिली है. ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।' राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।