उत्तराखण्ड में आपदा प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर रहे हैं केन्द्रीय गृहमंत्री शाह
देहरादून। कल देर रात उत्तराखण्ड पहुंचे केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज उत्तराखण्ड में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर रहे हैं। आज सुबह 10 बजे बाद वह सर्वेक्षण के लिए सेना के विमान में सवार हुए। इस दौरान उनके साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट सहित राज्यपाल आदि भी हवाई सर्वेक्षण के लिए रवाना हुए। बता दें कि उत्तराखण्ड में अभी हाल में बारिश ने तबाही मचा दी। इस तबाही में कई लोगों की मौत हो गयी, जबकि कई घायल हो गये। यही नहीं कई लोग अभी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में प्रशासनिक अमले द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। वहीं बारिश के चलते पहाड़ों पर भूस्खलन आदि से यातायात प्रभावित हुआ पड़ा है, हांलाकि अब प्रशासन द्वारा मार्गों को खोलकर यातायात सुचारू किया जा रहा है। मैदानी इलाकों में भी जलभराव की समस्या अभी भी बनी हुई है। बताया जा रहा है कि हवाई सर्वेक्षण के बाद केंद्रीय गृह मंत्री जौलीग्रांट एयरपोर्ट स्थित राज्य अतिथि गृह में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें मुख्यमंत्री समेत तमाम आला अधिकारी मौजूद रहेंगे।