यूपी ब्रेकिंगः कानपुर में नफीस टावर में फिर भड़की आग! एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा, आग की लपटों से मौके पर मचा हड़कंप
कानपुर। करीब 40 घंटे बाद भी बांसमंडी स्थित रेडिमेट कपड़ा मार्केट में आग रह-रहकर धधक रही है। दमकल कर्मी आग बुझाने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसी बीच नफीस टावर में एक बार फिर आग भड़कने की खबर सामने आई है। इमारत के चारों ओर धुएं के गुबार के साथ आग की तेल लपटें उठती देखकर हड़कंप मच गया। नफीस टावर की पहली मंजिल पर लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने मोर्चा संभाल लिया है। हाइड्रोलिक प्लेटफार्म से आग पर काबू पाए जाने की कोशिश की जा रही है। बता दें कि बासमंडी के पांच शापिंग काम्प्लेक्स में आग लगने से हुए नुकसान का आंकलन तीन विभागों की टीम कर रही है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने प्रशासनिक अधिकारियों को यह निर्देश दिए हैं। अधिकारी अब काम्प्लेक्स में लगी आग के पूरी तरह बुझने का इंतजार कर रहे हैं। उधर, आग में किसी तरह की जनहानि न होने की रिपोर्ट तहसील अधिकारियों ने दी है। बासमंडी में पांच शापिंग काम्प्लेक्स में भीषण आग लगने के मामले में नुकसान का आंकलन करने की तैयारी हो गई है। डिप्टी सीएम के निर्देश के बाद जिलाधिकारी विशाख जी ने नगर निगम, राजस्व विभाग और ट्रेड टैक्स विभाग की टीम गठित करने के निर्देश दिए हैं।