• Home
  • News
  • Urmila Sanawar faces mounting trouble in Uttarakhand! Another case registered against her over allegations of posting objectionable content and making derogatory remarks on social media.

उत्तराखंड में उर्मिला सनावर की बढ़ीं मुश्किलें! सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट और अपमानजनक टिप्पणी के आरोप में एक और मुकदमा दर्ज

editor
  • Awaaz Desk
  • August 27, 2026 08:08 AM
 Urmila Sanawar faces mounting trouble in Uttarakhand! Another case registered against her over allegations of posting objectionable content and making derogatory remarks on social media.

देहरादून। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट और अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोपों को लेकर उर्मिला सनावर के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में एक और मामला दर्ज हुआ है। महिला की तहरीर पर दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि उर्मिला सनावर अपनी फेसबुक आईडी के माध्यम से उनके खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक बातें लिख रही थीं। महिला ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था और आत्महत्या तक के लिए उकसाने की कोशिश की जा रही थी। तहरीर में महिला ने बताया कि उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके खिलाफ लगातार आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की। महिला के आरोपों के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट, कमेंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। उर्मिला सनावर के खिलाफ उत्तराखंड के अलग-अलग थानों में पहले भी कई मामले दर्ज हो चुके हैं। इनमें एक मुकदमा भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम की शिकायत पर दर्ज किया गया था। इसके अलावा नेहरू कॉलोनी थाने में ही आरती गौड़ की शिकायत पर भी उर्मिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। आरती गौड़ ने आरोप लगाया था कि उनका मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जाने के बाद उन्हें अज्ञात लोगों की ओर से धमकी भरे फोन आने लगे थे। उर्मिला सनावर उस समय भी चर्चा में आई थींए जब उन्होंने नवंबर 2025 में सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर हरिद्वार की ज्वालापुर विधानसभा सीट से भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मदद की गुहार भी लगाई थी। सोशल मीडिया पर वह अपना नाम एक्ट्रेस उर्मिला सुरेश राठौर लिखती हैं और खुद को पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताती हैं।

अंकिता भंडारी मामले को लेकर भी रहीं सुर्खियों में
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर ऑडियो और वीडियो जारी करने के बाद भी उर्मिला सनावर सुर्खियों में रही थीं। उन्होंने कुछ सफेदपोशों और राजनेताओं के इस मामले में शामिल होने संबंधी दावे किए थे। उनके बयानों और राजनीतिक आरोपों के बाद उत्तराखंड पुलिस की सात सदस्यीय एसआईटी ने उन्हें पूछताछ के लिए समन भेजा था। जनवरी 2026 में देहरादून और हरिद्वार में उनसे कई घंटे पूछताछ की गई थी। इस दौरान उन्होंने अपने मोबाइल फोन में मौजूद रिकॉर्डिंग और अन्य तथ्यों को पुलिस को सौंपने की बात कही थी। अब नेहरू कॉलोनी थाने में दर्ज नए मुकदमे के बाद उर्मिला सनावर की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। पुलिस मामले में सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट, टिप्पणियों और उनसे जुड़े अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


संबंधित आलेख: