• Home
  • News
  • Uttarakhand: 12-year marriage falls apart; wife accused of eloping with lover! Husband claims she is pressuring him for a divorce and threatening to kill him.

उत्तराखण्डः 12 साल की शादी टूटी, पत्नी पर प्रेमी संग फरार होने का आरोप! पति बोला- तलाक के लिए बना रही दबाव, जान से मारने की धमकी

editor
  • Awaaz Desk
  • June 27, 2026 06:06 AM
Uttarakhand: 12-year marriage falls apart; wife accused of eloping with lover! Husband claims she is pressuring him for a divorce and threatening to kill him.

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में एक वैवाहिक विवाद कानूनी लड़ाई में बदल गया है। पति ने अपनी पत्नी पर विवाहेतर संबंध रखने, घर से नकदी और जेवर लेकर कथित प्रेमी के साथ चले जाने, तलाक के लिए दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने पर पति ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश के बाद रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने पत्नी, उसके कथित प्रेमी तथा अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के भदईपुरा वार्ड नंबर-14 निवासी एक व्यक्ति ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में प्रार्थना-पत्र दाखिल कर बताया कि वर्ष 2013 में उसका विवाह रामपुर जनपद निवासी युवती के साथ हुआ था। विवाह के बाद दोनों रुद्रपुर में रहने लगे। पति का आरोप है कि विवाह के शुरुआती समय से ही पत्नी का व्यवहार सामान्य नहीं था और वह अक्सर छोटी-छोटी बातों पर विवाद करती थी। साथ ही वह महंगे सामान और अन्य मांगों को लेकर लगातार दबाव बनाती थी तथा मांग पूरी न होने पर झगड़ा करती थी। प्रार्थना-पत्र में पति ने आरोप लगाया कि समय बीतने के साथ उसकी पत्नी का एक युवक से संपर्क बढ़ गया। उसके अनुसार पत्नी देर रात सोशल मीडिया और वीडियो कॉल के माध्यम से उस युवक से लगातार बातचीत करती थी। जब उसने इस पर आपत्ति जताई तो पत्नी ने कथित रूप से उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी।

पति का यह भी आरोप है कि पत्नी के मायके पक्ष ने विवाद सुलझाने के बजाय उसका साथ देने के स्थान पर उसके साथ मारपीट की। पति ने न्यायालय को यह भी बताया कि वर्ष 2020 में उनके पुत्र का जन्म हुआ, लेकिन इसके बावजूद दोनों के रिश्तों में कोई सुधार नहीं आया। उसका आरोप है कि 25 सितंबर 2025 को वह अपने काम के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान उसकी पत्नी घर में रखी करीब 20 हजार रुपये की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, कपड़े तथा अपने पुत्र को लेकर कथित प्रेमी के साथ चली गई। पीड़ित का कहना है कि घटना के तुरंत बाद उसने रुद्रपुर कोतवाली में शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उसने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से भी न्याय की गुहार लगाई, लेकिन वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः उसने न्यायालय की शरण ली। पति का आरोप है कि पत्नी, उसका कथित प्रेमी और अन्य लोग लगातार उस पर तलाक देने का दबाव बना रहे हैं तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों, दस्तावेजों तथा दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष विवेचना की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


संबंधित आलेख: