उत्तराखंड: बागेश्वर के नरग्वाड़ी में रूह कंपा देने वाला दोहरा हत्याकांड! पुलिस ने चंद घंटों में दबोचा कातिल भतीजा गोविंद खोलिया
बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में पारिवारिक रंजिश के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कोतवाली बैजनाथ क्षेत्र के ग्राम नरग्वाड़ी में रविवार शाम एक कलयुगी भतीजे ने अपने ही बुजुर्ग चाचा और चाची पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी लोहे की रॉड बरामद कर ली। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 1 नवंबर की शाम की है। डायल 112 पर शाम करीब 8:30 बजे नरग्वाड़ी गांव में मारपीट और गंभीर हमले की सूचना मिली। सूचना मिलते ही बैजनाथ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, जहां 70 वर्षीय पूरन चंद्र खोलिया और उनकी 62 वर्षीय पत्नी भगवती देवी लहूलुहान और गंभीर हालत में पड़े मिले। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बैजनाथ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग दंपति की मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीमों ने रातभर सघन तलाशी अभियान चलाया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। ठोस सुरागों के आधार पर पुलिस ने 2 नवंबर को 52 वर्षीय आरोपी गोविंद बल्लभ खोलिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि पुरानी रंजिश के चलते उसने इस वीभत्स वारदात को अंजाम दिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल खून से सनी लोहे की रॉड भी जब्त कर ली गई है। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी गोविंद बल्लभ खोलिया का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में भी हत्या के प्रयास से जुड़ा गंभीर मामला दर्ज है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।