उत्तराखण्डः आर्मी ट्रक और कार की भीषण भिड़ंत! पांच घायल, दो की हालत गंभीर
रुद्रप्रयाग। जनपद मुख्यालय से लगभग पांच किलोमीटर दूर नरकोटा क्षेत्र में बुधवार को एक आर्मी ट्रक और कार के बीच हुई जोरदार टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों, पुलिस और राहत दल की तत्परता से सभी घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया। इनमें दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार करीब 12 बजे नरकोटा क्षेत्र में आर्मी ट्रक और औरा कार आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग घायल हो गए। हादसे में कार चालक जीतेन्द्र सिंह, तथा सुशीला देवी भीर रूप से घायल हो गए। जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर रेफर किया गया। इसके अलावा शांति देवी, हिमांशु तथा भावेश को भी चोटें आई हैं। सभी का उपचार जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में किया गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है, जबकि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।