• Home
  • News
  • Uttarakhand: A horrific end to a relationship in Dehradun! The wife had been having an affair behind her husband's back for two to three years; the secret came to light after he saw photos and videos on her mobile, leading to a plot to murder him.

उत्तराखण्डः देहरादून में रिश्तों का खौफनाक अंत! दो-तीन साल से पति की पीठ पीछे चल रहा था पत्नी का प्रेम प्रसंग, मोबाइल में फोटो-वीडियो देखकर खुला राज तो रची हत्या की साजिश

editor
  • Awaaz Desk
  • October 04, 2026 12:10 PM
Uttarakhand: A horrific end to a relationship in Dehradun! The wife had been having an affair behind her husband's back for two to three years; the secret came to light after he saw photos and videos on her mobile, leading to a plot to murder him.

देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला में डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल की खाई में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, 38 वर्षीय मदन मुखिया की हत्या उसकी पत्नी मीना ने अपने प्रेमी ललन शर्मा के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी समेत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीन अक्टूबर को पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल की खाई में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की पहचान 38 वर्षीय मदन मुखिया निवासी सहरसा, बिहार के रूप में हुई। मदन वर्तमान में मांडूवाला, झाझरा क्षेत्र में परिवार के साथ रहकर मजदूरी करता था। पुलिस के मुताबिक, मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मकान मालिक की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल के आसपास आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही क्षेत्र में रहने वाले मजदूरों का सत्यापन किया गया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले। इसी आधार पर पुलिस ने मांडूवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से 23 वर्षीय ललन शर्मा को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में ललन ने मदन की हत्या में शामिल होने की बात कबूल की और मृतक की पत्नी मीना का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने मीना को भी प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, ललन मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और मांडूवाला में किराये पर रहकर मजदूरी करता था। वह मदन का पड़ोसी भी था। पुलिस के अनुसार ललन और मदन की पत्नी मीना के बीच पिछले करीब दो-तीन साल से प्रेम संबंध था। बताया गया कि इस संबंध की जानकारी परिवार के अन्य लोगों को नहीं थी। पुलिस के अनुसार, घटना से करीब दो दिन पहले मदन ने ललन का मोबाइल फोन चेक किया था। फोन में उसे अपनी पत्नी मीना और ललन के फोटो और वीडियो मिले। इसके बाद मदन को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल में फोटो और वीडियो मिलने के बाद मदन ने दोनों को संबंध खत्म नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी थी। साथ ही उसने संबंधों की जानकारी परिवार और अन्य लोगों को देने की बात कही थी। पुलिस का कहना है कि इसी के बाद ललन और मीना ने मदन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, योजना के तहत मदन को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल की ओर ले जाया गया। वहां नशे की हालत में उस पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को जंगल की खाई में फेंक दिया और हत्या में इस्तेमाल हथियार को झाड़ियों में छिपा दिया। 

 


संबंधित आलेख: