• Home
  • News
  • Uttarakhand: A major accident occurred at midnight in the Bahadrabad area of ​​Haridwar. Chaos ensued on the highway, but the prompt action of the police and fire brigade averted a major disaster.

उत्तराखण्डः हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में आधी रात को हुआ बड़ा हादसा! हाईवे पर मची अफरा-तफरी, पुलिस और दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

editor
  • Awaaz Desk
  • June 03, 2026 06:06 AM
Uttarakhand: A major accident occurred at midnight in the Bahadrabad area of ​​Haridwar. Chaos ensued on the highway, but the prompt action of the police and fire brigade averted a major disaster.

हरिद्वार। हरिद्वार में मंगलवार देर हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब ऋषिकेश से राजस्थान के जयपुर जा रही एक वोल्वो बस में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। हादसे के समय बस में 32 यात्री सवार थे, जिनमें दो विदेशी महिला पर्यटक भी शामिल थीं। राहत की बात यह रही कि पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की चपेट में आने से बस के पिछले हिस्से में रखा यात्रियों का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।  जानकारी के अनुसार वोल्वो बस ऋषिकेश से यात्रियों को लेकर राजस्थान के जयपुर के लिए रवाना हुई थी। मंगलवार देर रात करीब 12 बजे जब बस बहादराबाद थाना क्षेत्र के बढेड़ी राजपूताना गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंची, तभी बस में अचानक आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले बस के अंदर धुआं दिखाई दिया और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। आग लगते ही बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही पलों में पूरे वाहन में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक और परिचालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया।

पुलिस ने दिखाई तत्परता, सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला
घटना की सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना समय गंवाए बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू कराया और साथ ही दमकल विभाग को भी सूचना दी। पुलिसकर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसी बीच आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही मिनटों में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। यात्रियों ने बताया कि यदि कुछ मिनट की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। बस में सवार दो विदेशी महिला नागरिक भी हादसे के दौरान मौजूद थीं। पुलिस और राहत दल की तत्परता से प्रभावित होकर उन्होंने हरिद्वार पुलिस प्रशासन और बचाव दल का आभार व्यक्त किया। यात्रियों ने भी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों की सराहना करते हुए कहा कि समय पर सहायता मिलने के कारण सभी लोग सुरक्षित बच सके।

जलकर खाक हुआ सामान, बस पूरी तरह नष्ट, हाईवे पर लगा जाम
आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि बस के पिछले हिस्से में रखा यात्रियों का सामान पूरी तरह जल गया। कई यात्रियों के बैग, कपड़े और अन्य जरूरी सामान आग की भेंट चढ़ गए। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी और केवल उसका ढांचा ही बचा था। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आग बुझाने और राहत कार्य के दौरान यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने जली हुई बस को सड़क किनारे हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। इसके बाद हाईवे पर आवागमन सामान्य हो सका।

तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका
बहादराबाद थाना प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि बस में कुल 32 यात्री सवार थे और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट अथवा किसी तकनीकी खराबी के चलते आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।


संबंधित आलेख: