• Home
  • News
  • Uttarakhand: A massive storm and rain wreaked havoc in Jashodharpur, Kotdwar! A huge tree fell on two people standing at a tea stall, resulting in one death.

उत्तराखण्डः कोटद्वार के जशोधरपुर में तेज अंधड़ और बारिश ने बरपाया कहर! चाय की दुकान पर खड़े दो लोगों पर गिरा विशाल पेड़, एक की मौत

editor
  • Awaaz Desk
  • October 30, 2026 05:10 AM
Uttarakhand: A massive storm and rain wreaked havoc in Jashodharpur, Kotdwar! A huge tree fell on two people standing at a tea stall, resulting in one death.

कोटद्वार। कोटद्वार के भाबर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज अंधड़ और मूसलाधार बारिश के बीच एक बड़ा हादसा हो गया। जशोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र में भारी बारिश से बचने के लिए चाय की दुकान के पास खड़े दो लोग अचानक गिरे एक विशाल पेड़ की चपेट में आ गए। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदला और मूसलाधार बारिश के साथ तेज अंधड़ चलने लगा। इसी दौरान हल्दूखाता निवासी 55 वर्षीय विक्रम उर्फ खटमल और किशनपुर निवासी 45 वर्षीय दलीप बारिश से बचने के लिए पास ही स्थित एक चाय की दुकान के समीप खड़े हो गए। तेज हवाओं के चलते पास ही स्थित एक विशाल पेड़ अचानक भरभराकर सीधे उनके ऊपर गिर पड़ा। पेड़ इतनी तेजी से गिरा कि दोनों को संभलने तक का अवसर नहीं मिला। विशाल पेड़ गिरते ही क्षेत्र में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने फौरन स्थानीय प्रशासन और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसएसआई शशि भूषण जोशी और एसआई राजा राम डोभाल के नेतृत्व में कलालघाटी पुलिस व एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद भारी तनों और डालियों को हटाकर दोनों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक विक्रम दम तोड़ चुके थे। गंभीर रूप से घायल दलीप को तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से बेस अस्पताल कोटद्वार पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


संबंधित आलेख: