उत्तराखण्डः किच्छा में सड़क किनारे मिला कटा हाथ! इलाके में सनसनी, सीसीटीवी में ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे के संकेत
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रुद्रपुर बाईपास के पास सड़क किनारे झाड़ियों में एक व्यक्ति का कटा हुआ हाथ मिला। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि सुबह के समय कुछ राहगीरों ने झाड़ियों में संदिग्ध वस्तु देखी, पास जाकर देखने पर वह इंसानी हाथ निकला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाल प्रकाश दानू के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत फारेंसिक को मौके पर बुलाया। फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर कटे हुए हाथ को अपने कब्जे में लिया और आसपास से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पूरे इलाके में गहन तलाशी अभियान चलाया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मिली, जिसमें एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से हादसे की आशंका सामने आई है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने मौके पर जेसीबी मंगाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधा कराया और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस को आशंका है कि यह कटा हुआ हाथ रामवीर नामक व्यक्ति का हो सकता है, जो एक फैक्ट्री में काम करता था और काम से लौटते समय घर नहीं पहुंचा। रामवीर के परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है और उसकी गुमशुदगी को इस घटना से जोड़कर जांच की जा रही है।
शव दबाने की आशंका, लेकिन नहीं मिला कोई सुराग
पुलिस को शक है कि हादसे के बाद जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदकर शव को कहीं दबाया गया हो सकता है। इसी आशंका के चलते मौके पर खुदाई भी कराई गई, लेकिन फिलहाल शव बरामद नहीं हो सका है, जिससे मामला और ज्यादा रहस्यमय हो गया है। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कई एंगल से कर रही है, यह हादसा है या फिर किसी साजिश का हिस्सा, इसका पता लगाने के लिए हर पहलू को खंगाला जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक रिपोर्ट और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोग इस बात से सहमे हुए हैं कि आखिर इतनी बड़ी घटना कैसे हुई और शव कहां गया। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।