• Home
  • News
  • Uttarakhand: A year later, the Ajay Bhateja murder mystery has been revealed! Disgruntled over his denied share, his brother had ordered the murder.

उत्तराखण्डः एक साल बाद खुली अजय भटेजा मर्डर मिस्ट्री की परतें! हिस्सेदारी न मिलने से नाराज भाई ने दी थी हत्या की सुपारी

editor
  • Awaaz Desk
  • June 05, 2026 11:06 AM
 Uttarakhand: A year later, the Ajay Bhateja murder mystery has been revealed! Disgruntled over his denied share, his brother had ordered the murder.

देहरादून। राजधानी देहरादून में एक वर्ष पहले हुए बहुचर्चित अजय भटेजा हत्याकांड का आखिरकार मुख्य मास्टरमाइंड पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। थाना राजपुर पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी अमित भटेजा को जिला न्यायालय परिसर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि संपत्ति विवाद के चलते आरोपी ने अपने ही सौतेले भाई अजय भटेजा की हत्या की साजिश रची थी और इसके लिए पेशेवर अपराधियों को सुपारी दी थी। मामला 26 मई 2025 का है, जब जाखन स्थित अपने घर में अजय भटेजा मृत पाए गए थे। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध हत्या का निकला, जिसके बाद राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विशेष जांच शुरू की। लंबे समय तक चली जांच के बाद पुलिस ने मई 2026 में उत्तर प्रदेश के कुख्यात अपराधी राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ मिलकर अजय भटेजा की हत्या करना स्वीकार किया था। पुलिस के अनुसार हत्या की पूरी साजिश अजय भटेजा के सौतेले भाई अमित भटेजा ने रची थी। जांच में खुलासा हुआ कि अजय भटेजा के पास देहरादून और मसूरी में करोड़ों रुपये की संपत्तियां थीं। अमित लंबे समय से संपत्ति में हिस्सा मांग रहा था, लेकिन अजय द्वारा हिस्सा देने से इनकार किए जाने के बाद उसने भाई को रास्ते से हटाने की योजना बना ली। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार 23 मई 2025 को अमित भटेजा ने राजन उर्फ जैकी, उसकी प्रेमिका हुमेरा और एक अन्य व्यक्ति को मसूरी स्थित कॉटेज दिखाया था। इसी दौरान उसने अजय की हत्या के बदले संपत्ति में हिस्सा देने और अन्य आपराधिक मामलों में मदद का लालच दिया। इस प्रस्ताव के बाद राजन हत्या के लिए तैयार हो गया। योजना के तहत 25 मई 2025 की रात राजन और हुमेरा अजय भटेजा के जाखन स्थित घर पहुंचे। वहां दोनों ने कथित रूप से तकिये से मुंह दबाकर अजय की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। अगले दिन अमित भटेजा घर पहुंचा और वहां रखे प्रॉपर्टी से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा कागजात अपने कब्जे में ले गया। कुछ दिन पहले जब पुलिस ने राजन और हुमेरा को गिरफ्तार किया तो पूछताछ में अमित भटेजा का नाम सामने आया। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। आखिरकार शुक्रवार को पुलिस ने उसे जिला न्यायालय के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास मौजूद बैग से संपत्तियों और वाहनों से जुड़े कई दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इन दस्तावेजों से मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। इस सनसनीखेज हत्याकांड ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि संपत्ति के लालच में रिश्तों का खून किस हद तक बहाया जा सकता है। पुलिस का कहना है कि मामले में जुटाए गए सभी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही अदालत में मजबूत चार्जशीट पेश की जाएगी।


संबंधित आलेख: