• Home
  • News
  • Uttarakhand: A young man from Haryana, who had come to meet a young woman in Haridwar, was brutally beaten by a mob! A case has been registered against 10–12 unidentified individuals who barged into the house and carried out the attack.

उत्तराखण्डः हरिद्वार में युवती से मिलने पहुंचे हरियाणा के युवक की भीड़ ने बेरहमी से की पिटाई! घर में घुसकर हमला करने वाले 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

editor
  • Awaaz Desk
  • July 19, 2026 12:07 PM
 Uttarakhand: A young man from Haryana, who had come to meet a young woman in Haridwar, was brutally beaten by a mob! A case has been registered against 10–12 unidentified individuals who barged into the house and carried out the attack.

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के कनखल थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ कथित तौर पर भीड़ द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। गणपति धाम कॉलोनी में युवती से मिलने पहुंचे युवक की कुछ लोगों ने घर में घुसकर पिटाई कर दी। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ से छुड़ाया और उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मामले में युवती की शिकायत पर पुलिस ने 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस के अनुसार, शनिवार को एक युवक गणपति धाम कॉलोनी स्थित एक घर में पहुंचा था। स्थानीय लोगों को युवक के बारे में जानकारी नहीं थी, जिससे उन्हें संदेह हुआ और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि भीड़ ने युवक को बाहर बुलाकर उससे नाम और पता पूछा। इसके बाद युवक के गैर समुदाय से होने का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया जाता है कि युवक को बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसके शरीर पर कई चोटें आईं। आरोप यह भी है कि मारपीट के दौरान कुछ लोगों ने युवक के गले में कुत्तों को बांधने वाला पट्टा डाल दिया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और अधिक चर्चा में आ गया। सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह युवक को भीड़ से मुक्त कराया।

पुलिस ने घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसी दौरान संबंधित युवती भी घर से बाहर आई और पुलिस के साथ थाने पहुंची, जहां उसने पूरे घटनाक्रम को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। युवती ने अपनी तहरीर में बताया कि उसका परिवार पिछले आठ वर्षों से हरिद्वार में रह रहा है। उसने बताया कि करनाल (हरियाणा) निवासी शादाब नामक युवक से उसकी चार-पांच वर्षों से मित्रता है। शनिवार को उसने युवक को मिलने के लिए बुलाया था। आरोप है कि इसी दौरान 10 से 12 अज्ञात लोग जबरन घर में घुस आए और युवक के साथ मारपीट करने लगे। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने युवक को जान से मारने की धमकी भी दी और घटना के बाद मौके से फरार हो गए। कनखल थाना के एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


संबंधित आलेख: