उत्तराखण्डः ऊधम सिंह नगर जिले में पहुंचे कृषि सचिव! केन्द्र पोषित योजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण, कृषकों की समस्याएं सुनीं
रुद्रपुर। मंगलवार को सचिव, कृषि एवं कृषक कल्याण, उत्तराखण्ड शासन देहरादून द्वारा जनपद में कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा जनपद में क्रियान्वित की जा रही केन्द्र पोषित योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। सर्वप्रथम सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण द्वारा विकासखण्ड रुद्रपुर के ग्राम मलसी में विभाग द्वारा समाम योजना के अन्तर्गत जय किसान स्वयं सहायता समूह को फार्म मशीनरी बैंक का स्थलीय निरीक्षण किया गया। समूह के अध्यक्ष पतिराम द्वारा अवगत कराया गया कि समूह को योजनान्तर्गत कृषि यंत्र मिलने से ग्रामवासियों को काफी सुविधा हो रही है तथा यंत्रों का उपयोग क्षेत्र के कृषकों के प्रक्षेत्रों किया जा रहा है।
अध्यक्ष द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि यंत्रों से जो आय प्राप्त हो रही हैए उसका उपयोग यंत्रों के रख-रखाव में ही किया जाता है। इसके उपरान्त सचिव द्वारा विकासखण्ड, रूद्रपुर के ग्राम सैंजनी में विभाग द्वारा वर्ष 2023-24 में समाम योजना के अन्तर्गत प्रदीप वर्मा के पिता को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी गयी। इस दौरान ग्राम पटेरी में विभाग द्वारा कृषक समूह में कराये जा रहे गेहूँ कलस्टर प्रदर्शन प्रजाति डीबीडब्लू 187 क्षेत्रफल 10 हैक्टर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय उपस्थित कृषकों द्वारा अवगत कराया गया कि प्रर्दशन में विभाग द्वारा निःशुल्क कृषि निवेश उपलब्ध कराये गये हैं।
फसल प्रदर्शन जमाव की स्थिति संतोषजनक देखी गयी। सचिव के भ्रमण के दौरान ग्राम पटेरी के कुछ कृषकों द्वारा मृदा स्वास्थ्य कार्ड न मिलने की बात कही गयी, जिसमें सचिव द्वारा मुख्य कृषि अधिकारी को निर्देश दिये गये कि व ग्राम में जिन कृषकों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध नही हो पाया है, को तत्काल उपलब्ध कराया जाए। क्षेत्र के कृषकों द्वारा यह भी समस्या रखी गयी कि रवी एवं खरीफ बीजों का मूल्य अधिक है, जिसे कम कराया जाए। साथ ही उनके द्वारा मुख्य कृषि अधिकारी को निर्देशित किया गया कि क्षेत्रीय कर्मचारी अपना संभावित क्षेत्र भ्रमण कार्यकम रोस्टर के अनुसार जनपद मुख्यालय को उपलब्ध करायेंगे।
साथ ही उनके द्वारा यह भी अवगत कराया कि रवी एवं खरीफ बीजों की प्राप्ति से 15 दिन पूर्व प्रजातियों के बारे में क्षेत्र में प्रचार-प्रसार किया जाए। सचिव द्वारा यह भी निर्देश दिये गये कि क्षेत्रीय कर्मचारियों को अद्यतन रखा जाए, जिस हेतु उन्हें समय-समय पर विभागीय स्तर एवं पन्तनगर कृविवि के वैज्ञानिको के माध्यम से प्रशिक्षण दिलाये जायें। इस दौरान पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, पीके सिंह, डॉ. अभय सक्सेना, डॉ. अजय कुमार वर्मा, भावना जोशी, विधि उपाध्याय, डॉ. शशी कमल, अमित कुमार आदि मौजूद रहे।