उत्तराखण्डः रुद्रप्रयाग में वार्निंग लेवल के करीब पहुंची अलकनंदा-मंदाकिनी नदी! प्रशासनिक अमला अलर्ट
रुद्रप्रयाग। लगातार हो रही बारिश के बीच अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। दोनों नदियां वार्निंग लेवल के करीब बह रही हैं। हालांकि फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
रुद्रप्रयाग में बेलनी पुल के नीचे स्थित शिव प्रतिमा भी बढ़े जलस्तर के चलते पूरी तरह जलमग्न हो गई है। आपदा कंट्रोल रूम के अनुसार अलकनंदा और मंदाकिनी दोनों नदियां वार्निंग लेवल के निकट बह रही हैं, लेकिन अभी किसी तरह की अप्रिय स्थिति नहीं है।
प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग लगातार नदियों के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से नदी किनारे जाने से बचने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है। प्रशासन ने आमजन से केवल आधिकारिक माध्यमों से जारी सूचनाओं पर भरोसा करने को कहा है।