• Home
  • News
  • Uttarakhand: Anurag Doval's legal troubles worsen! A new case is now filed against the UK-07 rider and his associates, who are already in jail.

उत्तराखण्डः अनुराग डोभाल की कानूनी मुश्किलें और बढ़ीं! पहले से जेल में बंद यूके-07 राइडर व साथियों पर अब नया केस

editor
  • Awaaz Desk
  • October 14, 2026 08:10 AM
 Uttarakhand: Anurag Doval's legal troubles worsen! A new case is now filed against the UK-07 rider and his associates, who are already in jail.

देहरादून। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनुराग डोभाल उर्फ यूके-07 राइडर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अनुराग और उसके पांच-छह साथियों के खिलाफ देहरादून के रायपुर थाने में घर में घुसकर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने, निजी डिजिटल डेटा चोरी करने और सामान ले जाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता आयुष थपलियाल ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसे हथियार दिखाकर डराया, मोबाइल अनलॉक करने के लिए दबाव बनाया और फोन से निजी जानकारी हासिल करने के बाद अपनी बात के अनुसार सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने के लिए मजबूर किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। शिकायतकर्ता आयुष थपलियाल के मुताबिक, घटना तीन अक्टूबर 2026 की रात करीब आठ बजे विवेक विहार, नकरौंदा स्थित उसके घर पर हुई। आरोप है कि अनुराग डोभाल अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए घर में घुस गया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। आयुष का आरोप है कि अनुराग ने उसके बाल खींचे और थप्पड़ मारे। इस दौरान छोटा पंडित उर्फ खुखरी ने उसके हाथ पकड़ लिए, जबकि टाइगर ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया। आयुष के अनुसार, जब उसकी मौसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो अनुराग ने उसकी मां और मौसी के पैर छूकर शांत रहने को कहा। हालांकि, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इसके बाद भी उसे धमकाया गया। आरोप है कि टाइगर और खुखरी ने कमर में हथियार दिखाकर उसे चुप रहने की धमकी दी। उसे हरिद्वार के अभिषेक सैनी जैसा हश्र करने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है। शिकायत में आयुष ने आरोप लगाया कि परिवार को नुकसान पहुंचाने की आशंका के चलते उसे अपना मोबाइल फोन अनलॉक करना पड़ा। इसके बाद आरोपियों ने फोन में मौजूद निजी फोटो, वीडियो, संपर्क सूची और सोशल मीडिया से जुड़ी जानकारी समेत व्यक्तिगत डिजिटल डेटा अपने पास ट्रांसफर कर लिया। शिकायतकर्ता का दावा है कि आरोपियों ने इस जानकारी के आधार पर उस पर दबाव बनाया और अपनी बात के अनुसार वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए मजबूर किया। आरोप है कि बाद में उससे इंस्टाग्राम आईडी पर वीडियो अपलोड भी कराया गया। इस मामले में निजी डिजिटल जानकारी तक कथित तौर पर पहुंच बनाने और दबाव डालकर वीडियो पोस्ट कराने के आरोपों की भी पुलिस जांच करेगी। आयुष थपलियाल ने यह भी आरोप लगाया कि घर से जाते समय आरोपी उसका ब्लूटूथ हेडसेट, रे-बैन धूप का चश्मा, एक्सटर्नल हार्ड ड्राइव और आईफोन का मूल चार्जर अपने साथ ले गए। शिकायत में मारपीट, धमकी, निजी डेटा हासिल करने और सामान ले जाने समेत कई आरोप लगाए गए हैं। रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार के मुताबिक, शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब मामले से जुड़े तथ्यों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। 

पहले से एक मामले में जेल में बंद है अनुराग
अनुराग डोभाल और उसके तीन साथियों के खिलाफ मारपीट तथा अपहरण के प्रयास से जुड़े एक अन्य मामले का भी जिक्र सामने आया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस मामले में वे पहले से जेल में बंद हैं और जमानत के लिए अदालत में दायर उनकी याचिका खारिज हो चुकी है। अब आयुष थपलियाल की शिकायत पर नया मुकदमा दर्ज होने से उनकी कानूनी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।


संबंधित आलेख: