• Home
  • News
  • Uttarakhand: Bank employees stage protests across the state! Operations at several branches in Nainital and Udham Singh Nagar come to a halt; warning issued.

उत्तराखण्डः बैंक कर्मचारियों का प्रदेशभर में प्रदर्शन! नैनीताल-ऊधमसिंह नगर में कई शाखाओं का कामकाज ठप, दी चेतावनी

editor
  • Awaaz Desk
  • September 11, 2026 10:09 AM
 Uttarakhand: Bank employees stage protests across the state! Operations at several branches in Nainital and Udham Singh Nagar come to a halt; warning issued.

रुद्रपुर/नैनीताल। देशभर में बैंक कर्मचारियों की हड़ताल का असर शुक्रवार को नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में भी देखने को मिला। विभिन्न बैंक संगठनों से जुड़े कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हड़ताल के चलते कई बैंक शाखाओं में कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा, जिससे ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे बैंक कर्मचारियों ने पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने, कर्मचारियों के बीच भेदभाव खत्म करने और सभी स्तर के कर्मचारियों को परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव का लाभ देने समेत कई मांगें उठाईं। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से इन मांगों को लेकर आवाज उठाई जा रही है, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। कर्मचारियों ने विशेष रूप से परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव को लेकर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि मौजूदा व्यवस्था में इस प्रोत्साहन का लाभ मुख्य रूप से उच्च स्तर के अधिकारियों तक सीमित है, जबकि बैंक की रोजमर्रा की सेवाओं को संभालने वाले फ्रंट डेस्क और ग्राउंड लेवल के कर्मचारियों को इसका समान लाभ नहीं मिल रहा है। कर्मचारियों ने इसे भेदभावपूर्ण व्यवस्था बताते हुए सभी स्तर के बैंककर्मियों को समान रूप से इंसेंटिव का लाभ देने की मांग की। बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह भी शामिल है। कर्मचारियों का कहना है कि कामकाज की मौजूदा व्यवस्था में कर्मचारियों पर लगातार कार्यभार बढ़ रहा है। ऐसे में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू होने से कर्मचारियों को बेहतर कार्य-जीवन संतुलन मिल सकेगा और वे अधिक प्रभावी तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे। हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया और सरकार तथा संबंधित पक्षों से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि मौजूदा आंदोलन उनकी मांगों को लेकर दबाव बनाने की दिशा में एक चरण है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शनकारी बैंक कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो 30 सितंबर को दोबारा देशव्यापी हड़ताल की जाएगी।


संबंधित आलेख: