उत्तराखण्ड बिग ब्रेकिंगः भर्ती घोटालों को लेकर भड़का युवा वर्ग! राजधानी दून में सड़कों पर उतरे हजारों, सीबीआई जांच की उठाई मांग
देहरादून। प्रदेश में लगातार सामने आ रहे भर्ती घोटालों के विरोध में आज हजारों युवा राजधानी दून में सड़कों पर उतरे और शासन-प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। गांधी पार्क के बाहर युवाओं की भारी भीड़ जुटी। धरना प्रदर्शन कर युवाओं ने प्रदेश में लगातार सामने आ रहे भर्ती घोटालों को लेकर आक्रोश जताया। बता दें यूकेएसएसएससी की परीक्षाओं में धांंधली के बाद यूकेपीएसी के भी पेपर लीक हो गए थे, इससे युवाओं में खासा रोष व्याप्त है। आज गांधी पार्क में धरना प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने सरकार से भर्ती घोटालों की जांच सीबीआई से करवाने, परीक्षाओं को घोटालों से बचाने के लिए मजबूत और निष्पक्ष निगरानी तंत्र बनाने, यूकेएसएसएससी परीक्षा में ईमानदारी से चयनित युवाओं को तत्काल प्रभाव से नियुक्ति देने और भविष्य में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं से पूर्व घोटालों में लिप्त युवाओं का नाम सार्वजनिक करने और उन्हें सरकारी नौकरी की आगामी सभी परीक्षाओं से प्रतिबंधित करने की मांग की है। इस दौरान युवाओं के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अमला भी मुस्तैद रहा।