उत्तराखण्डः ज्वैलरी शोरूम लूटकाण्ड मामले में बड़ी सफलता! मुख्य आरोपी प्रिंस को बिहार से देहरादून लाई पुलिस, 2 लाख का इनामी बदमाश है आरोपी
देहरादून। राजधानी देहरादून के ज्वैलरी शोरूम में विगत 9 नवंबर को हुई लूटकाण्ड के मामले में 2 लाख के इनामी मुख्य आरोपी प्रिंस कुमार को पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लेकर आ गई है। आरोपी पर हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती के गम्भीर अपराधों में मुकदमा दर्ज है। साथ ही आरोपी बिहार जेल से संचालित डकैती गिरोह का भी मुख्य सदस्य है। वह सांगली महाराष्ट्र रिलायंस ज्वैलरी शोरूम में हुई 14 करोड़ की डकैती मामले में फरार चल रहा है। देहरादून ज्वैलरी शोरूम लूटकांड मामले में अब तक दून पुलिस 10 आरोपियों की गिरफ्तारी कर चुकी है। बता दें 9 नवंबर को ज्वैलरी शोरूम में हुई डकैती मामले में पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी प्रिंस कुमार को वैशाली बिहार से गिरफ्तार किया। जिसके बाद आज देहरादून पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर आरोपी को देहरादून लाई है। पूछताछ के दौरान आरोपी प्रिंस कुमार ने बताया उसने बिहार जेल मे बंद आरोपी शशांक और सुबोध के कहने पर अपने अन्य साथियों अभिषेक, विक्रम, राहुल ओर अविनाश के साथ 9 नवंबर को देहरादून में डकैती की घटना को अजांम दिया।