उत्तराखण्डः नवरात्र के पहले दिन मां नयना देवी के दरबार में पहुंचीं बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर! पूजा कर मांगा आशीर्वाद, प्रशंसकों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं
नैनीताल। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर नैनीताल के प्रसिद्ध मां नयना देवी मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने मां नयना देवी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। मंदिर में दर्शन के दौरान प्रशंसकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। जाह्नवी कपूर ने नैनी झील और नैनीताल की खूबसूरत वादियों की भी सराहना की। मंदिर समिति के सदस्यों ने उन्हें माता की चुनरी और मां नयना देवी की तस्वीर भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद जाह्नवी कपूर ने विधि-विधान से मां नयना देवी की पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने शिवलिंग पर जल भी अर्पित किया। नवरात्रि के पहले दिन मां नयना देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ और आस्था देखने को मिलती है। ऐसे में अभिनेत्री जाह्नवी कपूर के मंदिर पहुंचने की खबर से उनके प्रशंसकों में भी उत्सुकता नजर आई। प्रशंसकों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। मंदिर में दर्शन के बाद जाह्नवी कपूर नैनी झील के आसपास के शांत वातावरण और नैनीताल की खूबसूरत वादियों को निहारती नजर आईं। बातचीत के दौरान उन्होंने नैनीताल की प्राकृतिक सुंदरता, खूबसूरत झील और यहां के शांत मौसम की सराहना की। जाह्नवी ने नैनीताल के प्राकृतिक सौंदर्य को बेहद अलौकिक बताया।