• Home
  • News
  • Uttarakhand: Bonanza for Medal Winners in National and International Sports; Prize Money Worth ₹3 Crore Released

उत्तराखंड: राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय खेलों में पदक विजेताओं को सौगात,तीन करोड़ की इनाम राशि जारी

editor
  • Tapas Vishwas
  • March 19, 2026 11:03 AM
Uttarakhand: Bonanza for Medal Winners in National and International Sports; Prize Money Worth ₹3 Crore Released

देहरादून। उत्तराखंड में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। गुरुवार को राज्य सरकार की ओर से तीन करोड़ रुपये से अधिक की इनामी धनराशि जारी की गई। यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान खेल मंत्री रेखा आर्य ने यह धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से खिलाड़ियों और कोचों के खातों में भेजी। इस पहल से खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। खेल मंत्री ने बताया कि इस इनामी राशि में एक जुलाई 2024 से 31 मार्च 2025 के बीच विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इसके अलावा 38वें राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले कुछ खिलाड़ी और प्रशिक्षक भी इस लाभ से जुड़े हैं, जो पहले कागजी औपचारिकताएं पूरी न होने के कारण वंचित रह गए थे।

सरकार ने अब ऐसे सभी खिलाड़ियों और कोचों को भी उनकी इनामी राशि प्रदान कर दी है। रेखा आर्य ने कहा कि प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पदक विजेताओं को आउट ऑफ टर्न नौकरी देने की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है। इसके तहत विभिन्न विभागों में नए पद सृजित किए जाएंगे, ताकि खिलाड़ियों को रोजगार के अवसर मिल सकें। राज्य सरकार की इस पहल से खेल प्रतिभाओं को न केवल आर्थिक सहायता मिलेगी, बल्कि उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए भी प्रेरणा मिलेगी। खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने इस कदम के लिए सरकार का आभार जताया है।
 


संबंधित आलेख: