• Home
  • News
  • Uttarakhand: Broad-daylight snatching incident involving an elderly woman in Haldwani solved within 48 hours! Police and SOG nabbed two accused from Badaun and recovered the stolen gold earring.

उत्तराखण्डः हल्द्वानी में बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े हुई झपटमारी का 48 घंटे में खुलासा! पुलिस और SOG ने बदायूं के दो आरोपियों को दबोचा, लूटा गया सोने का कुंडल भी बरामद

editor
  • Awaaz Desk
  • August 01, 2026 01:08 PM
Uttarakhand: Broad-daylight snatching incident involving an elderly woman in Haldwani solved within 48 hours! Police and SOG nabbed two accused from Badaun and recovered the stolen gold earring.

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े सोने का कुंडल झपटकर फरार हुए दो आरोपियों को पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर घटना का सफल खुलासा कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मुखानी थाना पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के संयुक्त अभियान के तहत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया सोने का कुंडल भी बरामद कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2026 को जगतपुरम कॉलोनी, हिम्मतपुर मल्ला निवासी चम्पा देवी ने थाना मुखानी में तहरीर देकर बताया कि दो अज्ञात युवकों ने उनकी बुजुर्ग सास के कान से सोने का कुंडल झपट लिया और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना मुखानी में एफआईआर संख्या 117/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने तत्काल एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल को मामले का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी तथा एसओजी प्रभारी मोहन सोन के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की, जिसमें दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उनकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी सर्विलांस और मैन्युअल इनपुट का सहारा लिया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 1 अगस्त 2026 को रिलायंस मॉल के पीछे स्थित आम के बगीचे में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अजय (22 वर्ष) पुत्र शांति स्वरूप तथा सूरज जोशी (20 वर्ष) पुत्र नरेंद्र जोशी, दोनों निवासी वार्ड नंबर-1 एवं वार्ड नंबर-8, बिल्सी, थाना बिल्सी, जनपद बदायूं (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी अजय की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से घटना में झपटा गया सोने का कान का कुंडल बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि वे गली-मोहल्लों में कबाड़ बीनने का काम करते हैं और इसी दौरान उन्होंने महिला को अकेला देखकर वारदात को अंजाम दिया। जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी अजय के खिलाफ उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के सिविल लाइन थाने में पहले से एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब उसके अन्य संभावित आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है। दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी, उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद, उपनिरीक्षक अविनाश मौर्य, एसओजी के हेड कांस्टेबल त्रिलोक रौतेला, कुंदन कठायत, कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा, अशोक रावत, रविंद्र खाती, धीरज सूगड़ा, रोहित कुमार, दिगम्बर ज्याला, हेड कांस्टेबल सुरेश देवड़ी तथा सर्विलांस टीम के कांस्टेबल अनिल गिरी और भानू प्रताप की महत्वपूर्ण भूमिका रही। घटना का सफल अनावरण करने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने पूरी पुलिस टीम की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन करने के लिए 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है। 

 


संबंधित आलेख: