• Home
  • News
  • Uttarakhand: Brutally beaten, then thrown out of the house after being given 'Triple Talaq'! Brother-in-law demanded 'Halala' as a condition for reconciliation; accused husband arrested.

उत्तराखण्डः पहले बेरहमी से पीटा, फिर तीन तलाक देकर घर से निकाला! दोबारा साथ रखने के लिए बहनोई से हलाला की शर्त, आरोपी पति गिरफ्तार

editor
  • Awaaz Desk
  • September 14, 2026 09:09 AM
Uttarakhand: Brutally beaten, then thrown out of the house after being given 'Triple Talaq'! Brother-in-law demanded 'Halala' as a condition for reconciliation; accused husband arrested.

देहरादून। कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर मारपीट, तीन तलाक देने और दोबारा साथ रखने के लिए कथित तौर पर हलाला की शर्त रखने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पटेल नगर पुलिस ने आरोपी पति फरमान और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और शिकायत में लगाए गए आरोपों से जुड़े साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, महिला ने अपनी तहरीर में बताया कि उसका निकाह करीब ढाई साल पहले इस्लामपुर, बिजनौर निवासी फरमान के साथ हुआ था। निकाह के बाद पति उसे देहरादून ले आया, जहां दोनों किराये के मकान में रह रहे थे। पीड़िता का आरोप है कि करीब चार महीने पहले उसके पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। उस समय पति की बहन भी मौके पर मौजूद थी। तलाक के बाद महिला अपने मायके चली गई। हालांकि, उसने अपने वैवाहिक जीवन को बचाने और पति के साथ दोबारा रहने की लगातार कोशिश की। पीड़िता के मुताबिक, 14 जुलाई को वह अपने पति के गांव स्थित घर पहुंची थी। उसने पति और ससुराल पक्ष से तीन तलाक वापस लेकर दोबारा साथ रखने का अनुरोध किया। आरोप है कि इस दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद महिला देहरादून लौट आई और अपनी बहनों के साथ रहने लगी। महिला का आरोप है कि कुछ दिन बाद उसका पति भी देहरादून पहुंचा। इस दौरान उसने कथित तौर पर माफी मांगी और दोबारा साथ रखने की बात कही। पीड़िता के अनुसार, इसके बाद उसके सामने ऐसी शर्त रखी गई, जिसे लेकर उसने पुलिस से शिकायत की। महिला ने आरोप लगाया कि पति ने उसे दोबारा अपने साथ रखने से पहले कथित तौर पर हलाला की शर्त रखी। पीड़िता का दावा है कि पति उस पर अपने बहनोई के साथ हलाला की प्रक्रिया से गुजरने का दबाव बना रहा था। महिला ने इसका विरोध किया और इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी। पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि इस कथित दबाव के कारण वह मानसिक तनाव में है। उसने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। महिला ने पुलिस को घटना से जुड़े मोबाइल संदेश और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच कराने का भी अनुरोध किया है। पटेल नगर कोतवाली प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी फरमान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) और 85 तथा मुस्लिम विवाह प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी फरमान को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस महिला की ओर से लगाए गए सभी आरोपों की जांच कर रही है। 


संबंधित आलेख: