उत्तराखण्डः मेहनत की भट्टी में तपाकर बेहतर बॉक्सर तैयार कर रहे हैं कैप्टन महरा! तीन बॉक्सिंग खिलाड़ी अग्निवीर व एक आइटीबीपी में भर्ती
लोहाघाट। खेल विभाग चंपावत में तैनात कॉन्ट्रैक्ट प्रशिक्षक कैप्टन आनंद सिंह महरा द्वारा लोहाघाट में खेल विभाग के बॉक्सिंग कैंप में सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर बॉक्सरो की फौज तैयार की जा रही है। कैप्टन महरा के द्वारा बॉक्सिंग के गुरु सीखने आने वाले युवाओं को काफी कड़ी मेहनत कराई जा रही है, ताकि लोहाघाट क्षेत्र से बेहतर बॉक्सर तैयार हो। जो राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय स्तर पर जिले व प्रदेश का नाम रोशन कर सके। कैप्टन महरा भारतीय सेना के जाने माने बॉक्सर रह चुके हैं तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग कर चुके हैं। कैप्टन महरा ने कहा, बॉक्सिंग एक ऐसा खेल है जिसमें पारंगत होकर युवा अपना करियर बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनके तैयार किए गए चार युवा जिनमें से तीन अग्निवीर तथा एक आइटीबीपी में भर्ती हो चुका है। तथा दो महिला बॉक्सर नेशनल खेल चुकी है। उन्होंने कहा कि बॉक्सिंग में पारंगत बनाने के लिए युवाओं को कड़ी मेहनत कराई जाती है ताकि हर मुकाबले में वह जीत हासिल कर पाए। उन्होंने कहा खेल विभाग द्वारा सरकार से मिलने वाली सुविधाएं दी जाती है। कहा कि शेड और बॉक्सिंग रिंग की जरूर कमी है। उन्होंने कहा बालिकाएं बॉक्सिंग में काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही है और बड़ी संख्या में बॉक्सिंग सीखने खेल कैंप में आती हैं। उन्होंने कहा जल्द लोहाघाट से बेहतर बॉक्सर निकलने शुरू हो जाएंगे। कैप्टन महरा ने कहा सरकार के द्वारा भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त करने पर खिलाड़ियों को बेहतर नौकरी दी जा रही है। उन्होंने कहा बॉक्सिंग एक ऐसा खेल है जो आपको शोहरत के साथ-साथ पैसा व इज्जत सब कुछ देता। उन्होंने कहा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए बॉक्सिंग एक अच्छा जरिया है। तो वहीं लोहाघाट के खेल कैंप में बॉक्सिंग सीखने आने वाले युवा कोच कैप्टन महरा के नेतृत्व में काफी पसीना बहा रहे हैं। युवाओं ने कहा वह लोग काफी खुशनसीब है कि उन्हें कैप्टन महरा जैसे बॉक्सिंग कोच मिले हैं।