उत्तराखंड चारधाम यात्रा: अब 10 कंपनियां संभालेंगी बस संचालन का जिम्मा, 'हरिद्वार लग्जरी बस एसोसिएशन' की भी हुई एंट्री
हरिद्वार। चारधाम यात्रा 2026 के आगाज से पहले यात्रियों की सुविधा और सुगम यातायात के लिए बड़े फैसले लिए गए हैं। इस वर्ष पवित्र यात्रा के लिए प्राइवेट बसों का संचालन करने वाली कंपनियों के कुनबे में विस्तार हुआ है। बुधवार को कनखल स्थित त्रिपुरा आश्रम में आयोजित 'संयुक्त रोटेशन चारधाम यात्रा व्यवस्था समिति' की महत्वपूर्ण बैठक में तय किया गया कि इस बार यात्रियों को 9 के बजाय 10 कंपनियां बस सेवा मुहैया कराएंगी। इस सूची में हरिद्वार की 'हरिद्वार लग्जरी बस एसोसिएशन' को भी शामिल कर लिया गया है।
यातायात सहकारी संघ के अध्यक्ष जितेंद्र नेगी ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि यात्रियों को सस्ती और उच्च गुणवत्ता वाली बस सेवा प्रदान करना हमारी प्राथमिकता है। हरिद्वार के ट्रैवल एजेंट महेश गौड़ ने चिंता जताते हुए कहा कि 2022 के बाद से बस संचालक और ट्रैवल एजेंट लगातार घाटे का सामना कर रहे थे। इस स्थिति से उबरने के लिए संयुक्त रोटेशन समिति के साथ मिलकर एक ठोस योजना तैयार की गई है, जिससे न केवल संचालकों को राहत मिलेगी, बल्कि श्रद्धालुओं को भी समय पर बसें उपलब्ध होंगी। बैठक के दौरान ट्रैवल एजेंटों ने एक गंभीर मुद्दा भी उठाया। ट्रैवल एजेंट ओविंद्र कुमार के अनुसार, इस बार गैस सिलेंडर की आपूर्ति में कमी के कारण चारधाम यात्रा की प्री-बुकिंग प्रभावित हो रही है। सिलेंडर की किल्लत से यात्री असमंजस की स्थिति में हैं। बस संचालकों ने सरकार से मांग की है कि यात्रा मार्ग पर गैस सिलेंडर की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं के खान-पान और ठहरने की व्यवस्था में कोई बाधा न आए। यात्रा की गरिमा और स्थानीय संचालकों के हितों को ध्यान में रखते हुए बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि इस बार बिना अनुमति किसी भी बाहरी बस का संचालन यात्रा मार्ग पर नहीं होने दिया जाएगा। रोटेशन समिति के पूर्व अध्यक्ष मनोज ध्यानी ने आश्वासन दिया कि किसी भी यूनियन द्वारा डिमांड देने के बाद बसों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाएगी। सभी बस प्रदाता कंपनियों ने एक स्वर में 'सही रोटेशन' के तहत संचालन पर सहमति जताई है। इससे यात्रियों को बसों के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और न ही उन्हें मनमाना किराया देना होगा। हरिद्वार लग्जरी बस एसोसिएशन के जुड़ने से अब बेड़े में लग्जरी और आरामदायक बसों की संख्या भी बढ़ गई है, जो विशेष रूप से विदेशी और बुजुर्ग पर्यटकों के लिए राहत भरी खबर है।