उत्तराखण्डः हरिद्वार पहुंचे सीएम धामी! व्यापारियों से किया सीधा संवाद, पुलिस ने कई कांग्रेसियों को लिया हिरासत में
हरिद्वार। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हरिद्वार के दौरे पर हैं। यहां पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद सीएम धामी हरिद्वार के प्रमुख बाजारों में पहुंचे और व्यापारियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने स्वदेशी को बढ़ावा देने और व्यापारियों को स्थानीय उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित किया। इस दौरान सीएम धामी ने नई जीएसटी दरों को लेकर व्यापारियों और आम जनता के सवाल भी सुने और समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। इसके बाद सीएम धामी जूना अखाड़े में स्थित माया देवी मंदिर पहुंचे। इस दौरान अखाड़ा परिषद अध्यक्ष रविंद्रपुरी महाराज और महामंडलेश्वर स्वामी कैलाश आनंद महाराज समेत सैकड़ों संत मौजूद रहे। इधर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएम धामी के बाजार दौरे से पहले जोरदार हंगामा करते हुए विरोध जताया। इस दौरान पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को मौके से हिरासत में लिया और भीड़ को हटाया।