• Home
  • News
  • Uttarakhand: Congress holds a show of strength in Dehradun! Organizes a 'Save the Constitution' march and submits public signatures to the Governor.

उत्तराखण्डः देहरादून में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन! संविधान बचाओ मार्च निकालकर राज्यपाल को सौंपे जनता के हस्ताक्षर

editor
  • Awaaz Desk
  • November 26, 2026 10:11 AM
Uttarakhand: Congress holds a show of strength in Dehradun! Organizes a 'Save the Constitution' march and submits public signatures to the Governor.

देहरादून। प्रदेश की भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ उत्तराखंड कांग्रेस ने मंगलवार को राजधानी की सड़कों पर जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। पार्टी के प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान के तहत एकत्र किए गए हस्ताक्षरों को सौंपने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश मुख्यालय से लोकभवन तक ‘संविधान बचाओ मार्च’ निकाला। इस दौरान सड़कों पर कांग्रेसियों का भारी हुजूम उमड़ा और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। मार्च से पूर्व प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता राजीव भवन स्थित प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा सहित तमाम दिग्गज नेताओं ने अग्रिम पंक्ति में रहकर मोर्चा संभाला। इस दौरान पूर्व सीएम हरीश रावत पूरे जोश और एक्शन में नजर आए, जिससे कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखा। मार्च के समापन पर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य भर से संकलित हस्ताक्षरों का दस्तावेज राज्यपाल को सौंपा। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए पार्टी के हर कार्यकर्ता ने घर-घर जाकर ये हस्ताक्षर जुटाए हैं, जिन्हें आज महामहिम के समक्ष रखा गया है। वहीं, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने धामी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा मंत्रियों के कथित भ्रष्टाचार को लेकर प्रदेश की जनता में गहरा आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार दागी मंत्रियों पर कार्रवाई की अनुमति न देकर उन्हें संरक्षण दे रही है। माहरा ने यह भी कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भी प्रदेशवासियों में भारी नाराजगी है। इन्हीं गंभीर मुद्दों पर सरकार को घेरने और जनता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस ने यह निर्णायक मार्च निकाला है।


संबंधित आलेख: