• Home
  • News
  • Uttarakhand: Congress to highlight government's failures; BJP to woo the youth! Mahendra Bhatt says there will be direct dialogue on development issues.

उत्तराखण्डः कांग्रेस गिनाएगी सरकार की नाकामियां, भाजपा साधेगी युवाओं को! महेंद्र भट्ट बोले- विकास के मुद्दों पर होगा सीधा संवाद

editor
  • Awaaz Desk
  • June 27, 2026 07:06 AM
Uttarakhand: Congress to highlight government's failures; BJP to woo the youth! Mahendra Bhatt says there will be direct dialogue on development issues.

देहरादून। उत्तराखण्ड में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में राजनीतिक हलचल लगातार बढ़ती जा रही है। कांग्रेस और भाजपा अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से जनता के बीच पहुंच रही है। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस 28 जून से राज्यभर में परिवर्तन संकल्प अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के माध्यम से कांग्रेस नेता गांव-गांव और शहर-शहर जाकर आम जनता से संवाद करेंगे तथा राज्य सरकार की कथित नाकामियों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे। वहीं, कांग्रेस के इस अभियान पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार करते हुए अपना ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम घोषित किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के अभियान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस को जनता से पहले अपने संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद स्थापित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से आंतरिक संवाद की कमी से जूझ रही है और उसे पहले अपने कार्यकर्ताओं के बीच विश्वास मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं से संवाद करती है तो भाजपा को इससे कोई आपत्ति नहीं है। महेंद्र भट्ट ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित करेगा। इस अभियान में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा संगठन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और मंत्री युवाओं से सीधे संवाद करेंगे तथा उनके सुझाव, अपेक्षाओं और समस्याओं को सुनेंगे। उन्होंने कहा कि युवा संवाद का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के विकास, रोजगार, स्वरोजगार, नवाचार, शिक्षा और राज्य के भविष्य से जुड़े विषयों पर युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है। दूसरी ओर, कांग्रेस का दावा है कि परिवर्तन संकल्प अभियान के दौरान पार्टी जनता के बीच जाकर महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। पार्टी का कहना है कि यह अभियान राज्य सरकार की नीतियों को जनता के सामने रखने और जनसमर्थन जुटाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। फिलहाल प्रदेश में दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों द्वारा अलग-अलग अभियानों की शुरुआत से आगामी दिनों में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। एक ओर कांग्रेस सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है, वहीं भाजपा युवाओं से सीधे संवाद कर विकास के मुद्दों पर अपनी बात रखने की तैयारी में जुट गई है।


संबंधित आलेख: