उत्तराखण्डः अंकिता के परिजनों से मिलने श्रीकोट गांव पहुंचे कांग्रेसी! सरकार की मंशा पर उठाए सवाल, सीबीआई जांच की मांग
देहरादून। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा समेत तमाम कांग्रेसी नेताओं ने पौड़ी स्थिति डोभा-श्रीकोट गांव पहुंच अंकिता भंडारी के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेसियों ने परिजनों को ढ़ांढस बंधाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही करने में सरकार पर दबाव बनाने का आश्वासन दिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा ने अपने रसूखदार नेता को बचाने के लिए रिसॉर्ट पर बुलडोजर चलाकर सबूत नष्ट करने का काम किया है। कांग्रेसियों ने बताया कि उन्होंने पीड़ित परिवार से आग्रह किया है कि वे सीबीआई की जांच के लिए पत्र लिखें। परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि कांग्रेस न्याय की लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व विधायक मनोज रावत, पूर्व राज्य मंत्री राजेन्द्र भंडारी, जिलाध्यक्ष पौडी विनोद नेगी, सरिता नेगी, रेखा भंडारी, कमला रावत, दीपक असवाल, नितिन बिष्ट, आशीष नेगी, मोहित, युद्धबीर रावत, राजेश चमोली, शिव कुमार रतूड़ी, कुलदीप रावत, संजय डबराल कई कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।