उत्तराखण्डः खाकी पर भ्रष्टाचार का आरोप! 10 हजार रुपये लेते महिला एएसआई सोनिया गिरफ्तार
हरिद्वार। हरिद्वार में विजिलेंस की टीम ने शनिवार, 10 अक्टूबर को भ्रष्टाचार के आरोप में रानीपुर कोतवाली में तैनात एक महिला एएसआई सोनिया को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला एएसआई दूसरे पक्ष के साथ चल रहे लेनदेन के विवाद में शिकायतकर्ता का समझौता कराकर मामला निपटाने के एवज में रिश्वत मांग रही थी। शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। विजिलेंस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए जारी टोल फ्री नंबर 1064 पर महिला एएसआई सोनिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि रानीपुर कोतवाली में तैनात एएसआई सोनिया उससे मामले का निपटारा कराने और दूसरे पक्ष के साथ समझौता कराने के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रही है। शिकायतकर्ता का दूसरे पक्ष के साथ लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता सेक्टर देहरादून के निर्देश पर ट्रैप टीम गठित की गई। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत करते हुए आरोपी महिला एएसआई को पकड़ने की योजना बनाई गई। शनिवार को विजिलेंस की टीम ने शिकायतकर्ता के साथ मिलकर कार्रवाई को अंजाम दिया। महिला एएसआई ने शिकायतकर्ता को अपने बताए पते के अनुसार हरिद्वार बुलाया था। आरोप है कि जैसे ही रिश्वत की रकम का लेनदेन हुआ, विजिलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर महिला एएसआई को 10 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। टीम ने कार्रवाई के दौरान आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। बताया जा रहा है कि महिला एएसआई सोनिया की तैनाती रानीपुर कोतवाली में है, जबकि उसकी गिरफ्तारी शहर कोतवाली क्षेत्र से की गई। सर्वपितृ अमावस्या के अवसर पर उसकी ड्यूटी शहर कोतवाली क्षेत्र में लगी हुई थी। इसी दौरान शिकायतकर्ता को रकम देने के लिए बुलाए जाने की बात सामने आई है।