• Home
  • News
  • Uttarakhand: Deadly attack on the wife and young children of a UP Police constable in Kashipur! All three are in critical condition in Delhi; the accused has been apprehended.

उत्तराखण्डः काशीपुर में यूपी पुलिस कांस्टेबल की पत्नी व मासूम बच्चों पर जानलेवा हमला! दिल्ली में तीनों की हालत नाजुक, आरोपी दबोचा गया

editor
  • Awaaz Desk
  • November 22, 2026 05:11 AM
Uttarakhand: Deadly attack on the wife and young children of a UP Police constable in Kashipur! All three are in critical condition in Delhi; the accused has been apprehended.

रुद्रपुर। काशीपुर क्षेत्र में उत्तर प्रदेश पुलिस के एक सिपाही की पत्नी और दो मासूम बच्चों पर खुखरी से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका दिल्ली के मैक्स अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मुरादाबाद निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार वारदात के पीछे पैसों का लेनदेन और आपसी विवाद मुख्य वजह रहा है। जानकारी के मुताबिक, काशीपुर निवासी सचिन कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल हैं और वर्तमान में बरेली में तैनात हैं। बीती 18 नवंबर की रात करीब नौ बजे जब सचिन बरेली से ट्रेन के जरिए काशीपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, तभी उनकी पत्नी का फोन आया। पत्नी ने घबराते हुए बताया कि संजय नाम के व्यक्ति ने उन पर और बच्चों पर हमला कर दिया है। इसके कुछ ही क्षण बाद फोन संपर्क टूट गया। अनहोनी की आशंका से घबराए सचिन तत्काल अपने घर पहुंचे, जहां मुख्य गेट के बाहर खून बिखरा देख उनके होश उड़ गए। आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि एक व्यक्ति उनकी पत्नी और बच्चों को कार में बैठाकर अस्पताल ले गया है। तीनों घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। वर्तमान में तीनों का दिल्ली स्थित मैक्स अस्पताल में इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का फॉरेंसिक टीम से निरीक्षण कराया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तफ्तीश के आधार पर पुलिस ने मुरादाबाद जिले के डिलारी क्षेत्र निवासी आरोपी संजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। एसपी स्वप्न किशोर सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पूछताछ में आरोपी ने सचिन से पुरानी जान.पहचान और पैसों के लेनदेन की बात स्वीकार की है। इसके अतिरिक्त लिव-इन रिलेशनशिप का प्रमाण पत्र बनवाने और महिला के साथ रहने को लेकर भी दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन आरोपी महिला के घर पहुंचा था, जहां कहासुनी बढ़ने पर उसने खुखरी से मां और दोनों बच्चों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद ही घायलों को अपनी कार से अस्पताल लेकर गया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त खुखरी, कार और पीड़ित परिवार के सामान से भरे दो बैग बरामद कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।


संबंधित आलेख: