• Home
  • News
  • Uttarakhand: Dehradun entry will be toll-free on April 14th! The administration has taken a major step ahead of Modi's visit, with no FASTag charges.

उत्तराखण्डः 14 अप्रैल को टोल फ्री रहेगा देहरादून एंट्री! मोदी दौरे से पहले प्रशासन का बड़ा कदम, फास्टैग से भी नहीं कटेगा पैसा

editor
  • Awaaz Desk
  • April 11, 2026 02:04 PM
Uttarakhand: Dehradun entry will be toll-free on April 14th! The administration has taken a major step ahead of Modi's visit, with no FASTag charges.

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल के प्रस्तावित देहरादून दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बड़ा निर्णय लिया है। प्रशासन ने लच्छीवाला टोल प्लाजा और आशारोड़ी बैरियर को पूरे दिन के लिए टोल मुक्त रखने के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार मंगलवार को सुबह 5 बजे से शाम 8 बजे तक इन दोनों प्रवेश बिंदुओं से गुजरने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों से कोई टोल शुल्क नहीं लिया जाएगा। इतना ही नहीं इस दौरान फास्टैग से भी कोई राशि नहीं काटी जाएगी, जिससे वाहन चालकों को सीधे आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान शहर में भारी भीड़ और वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में टोल प्लाजा पर लंबी कतारें लगने से यातायात बाधित हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि वाहनों का आवागमन बिना रुकावट जारी रह सके। इस दौरान देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के लोकार्पण और जसवंत ग्राउंड (महिंद्रा ग्राउंड) में प्रस्तावित जनसभा के चलते बड़ी संख्या में लोगों के देहरादून पहुंचने की उम्मीद है। सीमावर्ती क्षेत्रों और पर्वतीय जिलों से बसों और निजी वाहनों की आवाजाही में भी बढ़ोतरी का अनुमान है। जिलाधिकारी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में दोनों टोल प्वाइंट पूरी तरह खुले रहेंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी वाहन को टोल पर रुकना न पड़े और यातायात सुचारु बना रहे। प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सकेगा। साथ ही यह कदम आपातकालीन सेवाओं और आम नागरिकों के आवागमन को भी सुगम बनाएगा। इधर प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अमला पूरी तरह सतर्क है और हर स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।


संबंधित आलेख: