उत्तराखंड: इसी नवरात्र में होगा धामी कैबिनेट विस्तार, पांच मंत्री पद खाली, दायित्वधारियों की भी होगी ताजपोशी
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इसी नवरात्र के दौरान अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकते हैं। लंबे समय से चर्चा में चल रहा कैबिनेट विस्तार अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। वर्तमान में धामी मंत्रिमंडल में पांच मंत्री पद खाली हैं, जिन पर जल्द ही नए चेहरों की ताजपोशी की जा सकती है। इन पदों के लिए विधायकों के पिछले चार वर्षों के कार्यों का आकलन किया जा रहा है। प्रदर्शन, क्षेत्रीय संतुलन और जातीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए मंत्रियों का चयन किया जाएगा, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूती मिल सके।
सूत्रों के मुताबिक 2027 के चुनाव को देखते हुए यह विस्तार बेहद अहम माना जा रहा है। सरकार और संगठन के बीच इसको लेकर कई दौर की बातचीत हो चुकी है और होमवर्क लगभग पूरा हो चुका है। नवरात्र के शुभ मुहूर्त को देखते हुए इसकी घोषणा कभी भी की जा सकती है। गौरतलब है कि मंत्रिमंडल में पहले से तीन पद खाली थे, जबकि दो पद हाल के घटनाक्रमों के चलते रिक्त हुए हैं। इनमें एक पद मंत्री चंदन रामदास के निधन के बाद और दूसरा पद प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद खाली हुआ है। ऐसे में अब कुल पांच पदों पर नियुक्ति होनी है। कैबिनेट विस्तार के साथ ही सरकार दायित्वधारियों की नियुक्ति भी करने जा रही है। बताया जा रहा है कि करीब एक दर्जन से अधिक पार्टी पदाधिकारियों को निगमों, बोर्डों और आयोगों में दायित्व सौंपे जाएंगे। फिलहाल कई पद खाली हैं, जिन्हें जल्द भरा जाएगा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस कदम से संगठन में संतुलन बनाने के साथ ही कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ेगा। साथ ही चुनाव से पहले सरकार और पार्टी को मजबूती देने में यह फैसला अहम भूमिका निभा सकता है।