• Home
  • News
  • Uttarakhand: Drugged cold drink, then an objectionable video, and extortion worth lakhs! Key accused of blackmailing gang nabbed.

उत्तराखण्डः पहले नशीली कोल्ड ड्रिंक, फिर आपत्तिजनक वीडियो और लाखों की वसूली! ब्लैकमेलिंग गिरोह का मुख्य आरोपी दबोचा गया

editor
  • Awaaz Desk
  • September 14, 2026 05:09 AM
Uttarakhand: Drugged cold drink, then an objectionable video, and extortion worth lakhs! Key accused of blackmailing gang nabbed.

काशीपुर। काशीपुर में आपत्तिजनक वीडियो बनाकर एक व्यक्ति को ब्लैकमेल करने और उससे लाखों रुपये की रकम वसूलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को रामनगर रोड स्थित प्रतापपुर बैरियर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय सतनाम सिंह, निवासी बैराज कॉलोनी, बिजनौर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक लाख रुपये की नकदी और एक कार बरामद की है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर साजिश के तहत पीड़ित को अपने जाल में फंसाया। आरोप है कि उसे नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाने के बाद उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उससे रकम की मांग की गई और लाखों रुपये वसूले गए। पीड़ित ने मामले में तमंचे के बल पर मारपीट और रुपये वसूलने का भी आरोप लगाया था। कुंडेश्वरी निवासी पीड़ित ने 10 अगस्त को कोतवाली काशीपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उसके साथ तमंचे के बल पर मारपीट की और उससे रुपये वसूले। पीड़ित का आरोप था कि आरोपियों ने षड्यंत्र के तहत उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 308(5) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया।

मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मनोज धौनी को सौंपी गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। 12 सितंबर को पुलिस टीम को सूचना मिली कि मुकदमे का मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार रामनगर रोड स्थित प्रतापपुर बैरियर के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को ब्लैकमेल करने की योजना बनाए जाने की बात स्वीकार की। आरोपी के कथित बयान के मुताबिक, पीड़ित को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया और इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे धनराशि वसूली गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लाख रुपये नकद बरामद किए हैं, जिन्हें पीड़ित से वसूली गई रकम में से बताया गया है। इसके अलावा एक कार भी बरामद की गई है। पुलिस अब इस पूरे मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस जांच में गिरफ्तार राजेंद्र कुमार का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ काशीपुर थाने में वर्ष 2023 में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा आईटीआई थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 में उसके खिलाफ धारा 417, 420, 468 और 471 के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया था।


संबंधित आलेख: