उत्तराखण्डः पिथौरागढ़ में महसूस किए गए भूकंप के झटके! मुनस्यारी और तल्ला जोहार में हलचल, घरों से बाहर निकले लोग
पिथौरागढ़। सीमांत में आज भूकंप के झटके महसूस किए गए। खबरों की मानें तो आज रविवार सुबह 8 बजकर 58 मिनट पर मुनस्यारी और तेजम तहसील क्षेत्र के तल्ला जोहार में भूकंप आया। इस दौरान भूकंप की तीव्रता 3.8 मैग्रीट्यूट रही। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार भूकंप का केंद्र पिथौरागढ़ जिले के ही रामगंगा नदी किनारे रुइनाथल और उपराडा पाठक के निकट था। इसकी गहराई दस किमी थी। भूकंप से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। बता दें कि विगत विगत 12 जनवरी को उत्तरकाशी जिले में भूकंप में झटके महसूस किए गए थे। जबकि दिसंबर माह में भी उत्तरकाशी में देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। 18 दिसबंर को उत्तरकाशी में रात करीब 1 बजकर 50 मिनट पर भूकंप से धरती हिली थी।
क्या है भूकंप और कैसे आता है?
भूकंप के बारे में हम अक्सर खबरें देखते और सुनते रहते हैं। जानकारों की मानें तो भूकंप आना एक प्राकृतिक घटना है जो पृथ्वी पर प्रायः घटती रहती है। भूकंप आने के कुछ मानव जनित कारण भी होते हैं, लेकिन वे प्राकृतिक भूकंप के मुकाबले बहुत कमजोर होते हैं। भूकंप आने पर हमें धरती का हिलना या कंपन महसूस होता है, जो सबके लिए एक पैनिक स्थिति खड़ी कर देता है।
जब धरती की सतह हिलने लगती है या कंपन पैदा होता है तो इसे भूकंप कहा जाता है। भूकंप पैदा होने की वजह पृथ्वी से निकलने वाली आंतरिक ऊर्जा होती है जो भूकंपीय तरंगें पैदा करती है। भूकंप को इनकी तीव्रता के आधार पर मापा जाता है। कुछ भूकंप बहुत कमजोर होते हैं, जिन्हें हम महसूस नहीं कर पाते हैं, जबकि कुछ भूकंप बहुत शक्तिशाली होते हैं जो वस्तुओं और इंसानों को हवा में ढकेल सकते हैं और शहरों और गांवों में तबाही ला सकते हैं।