उत्तराखण्डः हरिद्वार में बेखौफ बदमाशों का आतंक! मंदिर में बैठे युवक के सिर पर मारी गोली, दहशत में लोग
लक्सर। हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां कटारपुर गांव में गुरुवार देर रात गांव के ही कुछ लोगों ने मंदिर में बैठे युवक अर्जुन को गोली मार दी। गोली उसके सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने आनन-फानन में अर्जुन को हरिद्वार के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। गोलीकाण्ड की सूचना पर पथरी थाना अघ्यक्ष मनोज नौटियाल और फेरूपुर चौकी प्रभारी अशोक शिरस्वाल दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। अशोक शिरस्वाल ने गोलीकांड की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों को जल्द पकड़ा जाएगा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हमलावर ग्राम प्रधान पक्ष के लोग हैं। जिन्होंने पहले अर्जुन के साथ कहासुनी की, जिसके बाद अचानक से गोली चला दी। घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। बता दें कि यह फायरिंग की पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी पथरी थाना क्षेत्र के ड्यूटी पर जा रहे आपदा मित्र पर दबंगों ने हमला कर दिया था। आपदा मित्र पर फायरिंग भी की गई थी। गोली लगने से वह बुरी तरह घायल हो गया था।