उत्तराखण्डः भोजन माताओं ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा! नैनीताल के दीन दयाल पार्क में धरना-प्रदर्शन, समय पर मानदेय और बोनस न मिलने पर उठाए गंभीर सवाल
नैनीताल। प्रगतिशील भोजन माता यूनियन ने भोजन माताओं पर हो रहे अत्याचार और शोषण को लेकर नैनीताल के दीन दयाल पार्क में प्रदेश सरकार के ख़िलाफ़ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान धरना प्रदर्शन कर रही भोजन माताओं का कहना था कि 3 हज़ार प्रतिमाह पर स्कूलों में उनसे बंधुआ मजदूरों की तरह काम कराया जाता है। भोजन माताओं का आरोप है कि उन्हें न तो समय पर मानदेय का भुगतान होता है और न ही बोनस समय पर दिया जाता है। भोजन माता यूनियन की महामंत्री रश्मि जोशी का कहना है कि सरकार करोड़ों रुपए प्रचार-प्रसार में खर्च कर देती है, लेकिन जब भोजन माताओं के मानदेय बढ़ाने की बात आती है तो सरकार चुप्पी साध लेती है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार भोजन माताओं की समस्याओं को गम्भीरता से लेते हुए कोई हल नही करती, तो प्रदेश भर की भोजन माताएं उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगी।