उत्तराखण्ड: पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ नेताओं को मिली नई जिम्मेदारियां! विभिन्न आयोगों और परिषदों में हुए अहम नियुक्ति आदेश
देहरादून। प्रदेश सरकार ने संगठन के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को सरकार में महत्वपूर्ण दायित्व सौंपते हुए कई नई नियुक्तियों की घोषणा की है। सरकार की ओर से जारी ताजा आदेशों में विभिन्न परिषदों और आयोगों में अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारियां देकर संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया गया है। मंत्रिपरिषद अनुभाग द्वारा जारी अलग-अलग आधिकारिक आदेशों के अनुसार पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल को उत्तराखंड सेतु आयोग में सलाहकार नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में देहरादून की वरिष्ठ भाजपा नेत्री ज्योति कोटिया को गोरखा कल्याण परिषद का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं देहरादून निवासी अभिषेक शाही को परिषद में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा खटीमा, ऊधम सिंह नगर निवासी कैप्टन गंभीर सिंह धामी को उत्तराखंड राज्य पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद में वरिष्ठ उपाध्यक्ष के महत्वपूर्ण पद पर नामित किया गया है। टिहरी गढ़वाल जनपद के कंडीसौड़ क्षेत्र के धरवाल गांव निवासी वरिष्ठ नेता जोत सिंह बिष्ट को ग्रामीण अभियंत्रण सेवा परिषद का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि धामी सरकार आगामी समय में संगठन के अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को शासन.प्रशासन में भागीदारी देकर विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर काम कर रही है। इन नियुक्तियों को संगठन के समर्पित नेताओं को सम्मान देने के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यों में उनकी विशेषज्ञता का लाभ उठाने की पहल के रूप में भी देखा जा रहा है। सरकार के इस फैसले के बाद संबंधित नेताओं और उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि नई जिम्मेदारियां संभालने वाले पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को गति देने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।