उत्तराखण्ड: कल से शुरू होगा ग्लोबल इन्वेस्टर समिट! प्रधानमंत्री मोदी करेंगे उद्घाटन, कई देशों के लोग लेंगे हिस्सा
देहरादून। उत्तराखण्ड में कल से दो दिवसीय वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन शुरू होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देहरादून में आयोजित किए जा रहे सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में यह जानकारी दी। पीएमओ के मुताबिक प्रधानमंत्री इस अवसर पर संबोधित भी करेंगे। उत्तराखंड में 8 और 9 दिसंबर को ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का आयोजन होने जा रहा है। पीएमओ ने कहा कि शांति से समृद्धि, थीम वाला यह शिखर सम्मेलन उत्तराखंड नए रास्ते पर ले जाएगा और बहुत आगे रखेगा।
शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री के अलावा दुनियाभर से हजारों निवेशक और प्रतिनिधि भाग लेंगे। पीएमओ के बयान में कहा गया है कि इसमें केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न देशों के राजदूतों के साथ-साथ प्रमुख उद्योगपति भी भाग लेंगे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार शिखर सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। आयोजन से पहले देहरादून को सजाया-संवारा जा रहा है। सड़कों को खास तौर पर सजाया गया है और समिट में पहुंच रहे मेहमानों को स्वागत करने के लिए शहर को बेहतरीन ढंग से तैयार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों से कहा कि शिखर सम्मेलन के आयोजन की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह राज्य के लिए बड़ा आयोजन है। शिखर सम्मेलन से पहले धामी ने राज्य में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए देश भर के प्रमुख शहरों और ब्रिटेन के लंदन और बर्मिंघम में कई रोड शो किए।
उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश के लिए विभिन्न कंपनियों के साथ 2.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौता ज्ञापनों (एमओयू)पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं। धामी ने कहा कि अब इन एमओयू को लागू करने के प्रयास किए जा रहे हैं जिनमें स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने की क्षमता है। इस अवसर पर पीएम मोदी इस आयोजन का उत्तराखंड करेंगे और कार्यक्रम शुक्रवार को सुबह 10:30 बजे शुरू किया जाएगा।