उत्तराखण्डः घर में घुसा गुलदार! रात भर बाथरूम में रहा बंद, वन विभाग ने किया रेस्क्यू
अल्मोड़ा। उत्तराखण्ड में जंगली जानवरों का आतंक बदस्तूर जारी है। इस बीच अल्मोड़ा में जगह-जगह गुलदार की चहलकदमी देखने को मिल रही है, जिससे लोग दहशत में हैं। सोमवार को पूर्वी पोखरखाली के पॉश इलाके में एक मकान के बाथरूम में तेंदुआ घुस गया। इसकी जानकारी होने पर घर के लोगों ने बाथरूम का दरवाजा बन कर इसकी सूचना वन विभाग को दी। जिसके बाद वन विभाग की टीम कड़ी मशक्कत के बाद उसे रेस्क्यू कर पिंजरे में डाला। इसके बाद गुलदार को रेस्क्यू सेंटर भेजा गया। जानकारी के मुताबिक पूर्वी पोखारखाली में पंकज तिवारी का मकान है। इस मकान में उनके किरायेदार सुरेश कुमार रहते है। उन्होंने बताया कि रात में करीब 1.30 बजे कुत्ते काफी हल्ला मचा रहे थे। इसी कारण उनकी नींद खुल गई। बाहर आकर देखा तो कोई नहीं दिखा, उसके बाद फिर कुत्तों का भौंकना भी बंद हो गया। इसके बाद सुरेश कुमार भी कमरे में जाकर सो गए। सुरेश कुमार ने बताया कि कुछ देर बाद फिर कुत्ते भौंकने लगे तो उन्होंने बाहर जाकर देखा तो लगा कि कहीं पर गुलदार है। पीछे बाथरूम का दरवाजा खुला था। वहां जाकर देखा तो एक कुत्ता खून से लथपथ दिखाई दिया और गुलदार भी वहां था।